JJM घोटाला: 600 करोड़ के 33 मामलों को लेकर पूर्व IAS सुबोध अग्रवाल का बड़ा दावा,
जांच पर उठाए सवाल
जयपुर। जल जीवन मिशन (JJM) से जुड़े 960 करोड़ रुपए के कथित घोटाले में गिरफ्तार रिटायर्ड IAS अधिकारी सुबोध अग्रवाल ने एसीबी जांच पर गंभीर सवाल उठाए हैं। सोमवार को एसीबी कोर्ट में पेशी से पहले मीडिया से बातचीत में उन्होंने दावा किया कि फाइनेंस कमेटी के 37 मामलों में से केवल 4 उनके कार्यकाल के हैं, जबकि 33 मामले पूर्व अधिकारी सुधांश पंत के समय के हैं, जिनकी कुल राशि करीब 600 करोड़ रुपए है।
अग्रवाल ने कहा कि वे जांच में पूरा सहयोग कर रहे हैं और अब तक पूछे गए सभी सवालों के जवाब दे चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जांच एजेंसी वास्तविक दोषियों तक नहीं पहुंच रही। उनके शब्दों में, “जिसमें पैसा नहीं लिया उसका नाम ले रहे हो, जिसमें पैसा लिया उसकी जांच नहीं कर रहे।” इस बयान के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है और जांच का दायरा बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।
इससे पहले एसीबी ने कोर्ट से 5 दिन की रिमांड मांगी थी, लेकिन बचाव पक्ष के विरोध के बाद अदालत ने 3 दिन की रिमांड ही मंजूर की थी। रिमांड अवधि पूरी होने के बाद आज फिर से उन्हें कोर्ट में पेश किया गया। एसीबी ने पूछताछ के लिए करीब 125 सवालों की सूची तैयार की थी, जिनके आधार पर पिछले तीन दिनों में लंबी पूछताछ की गई।
अब कोर्ट तय करेगा कि अग्रवाल को आगे पुलिस रिमांड पर रखा जाएगा या न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा। पूरे मामले पर प्रदेशभर की नजरें टिकी हुई हैं।