खाटूश्यामजी में गेस्ट हाउस पर हमला
बदमाशों ने की तोड़फोड़, कर्मचारियों को पीटा, VIDEO आया सामने
सीकर-जिले के खाटूश्यामजी कस्बे में सोमवार सुबह एक गेस्ट हाउस में घुसकर करीब 10 बदमाशों ने जमकर उत्पात मचाया। आरोपियों ने गेस्ट हाउस में तोड़फोड़ करने के साथ कर्मचारियों के साथ मारपीट की और जाते-जाते धमकी भी दी। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बदमाश खुलेआम मारपीट करते नजर आ रहे हैं।
सुबह 5:23 बजे की घटना
जानकारी के अनुसार, घटना सोमवार सुबह करीब 5:23 बजे की है। उस समय गेस्ट हाउस में कर्मचारी मौजूद थे। इसी दौरान एक कैंपर गाड़ी में सवार होकर करीब 10 बदमाश वहां पहुंचे और सीधे अंदर घुस गए।
कर्मचारियों पर लाठी-सरियों से हमला
गेस्ट हाउस मालिक हरफूल बिजारणियां ने बताया कि उनका दांतारामगढ़ रोड पर “श्रीकृष्णम गेस्ट हाउस” है। आरोप है कि सुनील शर्मा, दीपेंद्र जालपानी चौधरी, करण सिंह, जीतू बुरड़क, हरीश, परीक्षित, गोपाल शर्मा और अंकित पूनियां सहित अन्य लोग वहां पहुंचे और कर्मचारियों गजराज व समीर के साथ लाठी-सरियों से मारपीट की।
हमले में दोनों कर्मचारी घायल हो गए।
लूटपाट और तोड़फोड़
आरोपियों ने गेस्ट हाउस के ऑफिस में जमकर तोड़फोड़ की। गजराज के गले में पहनी सोने की चेन छीन ली गई। इसके अलावा मोबाइल, लैपटॉप और गल्ले में रखी नकदी भी ले गए। फर्नीचर और अन्य सामान को भी नुकसान पहुंचाया गया।
धमकी देकर फरार हुए आरोपी
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि जाते समय बदमाशों ने धमकी दी कि अगर पुलिस में शिकायत की तो गेस्ट हाउस नहीं चलने देंगे। आरोपियों ने यह भी कहा कि “पुलिस हमारा कुछ नहीं बिगाड़ सकती, क्योंकि हम बंधी देते हैं।”
पहले से चल रहा था विवाद
पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच पहले से ही विवाद चल रहा था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सभी आरोपी आसपास ही गेस्ट हाउस का संचालन करते हैं और आपसी प्रतिस्पर्धा व पुराने विवाद के चलते यह घटना हुई।
पुलिस की कार्रवाई
मामले में हरफूल बिजारणियां की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। सामने आए वीडियो के आधार पर भी आरोपियों की पहचान की जा रही है।
जांच जारी
पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। मारपीट, लूटपाट और धमकी सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार करने की बात कही जा रही है।