जोधपुर में नाबालिग लापता: 3 दिन बाद भी सुराग नहीं, गुस्साए परिजनों ने किया सड़क जाम

 

जोधपुर में नाबालिग लापता: 3 दिन बाद भी सुराग नहीं, गुस्साए परिजनों ने किया सड़क जाम


जोधपुर। शहर में एक नाबालिग छात्रा के लापता होने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। तीन दिन बीत जाने के बावजूद कोई सुराग नहीं मिलने से नाराज़ परिजनों और स्थानीय लोगों ने शुक्रवार को माता का थान थाना क्षेत्र में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया।

बताया जा रहा है कि छात्रा 28 अप्रैल की सुबह करीब 7 बजे स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटी। परिजनों ने अगले दिन यानी 29 अप्रैल को पुलिस में गुमशुदगी दर्ज करवाई, जिस पर मामला गंभीर मानते हुए पुलिस ने अपहरण का केस दर्ज किया।


पुलिस पर लापरवाही का आरोप, थाने के बाहर प्रदर्शन

घटना के तीन दिन बाद भी कोई ठोस सुराग नहीं मिलने से आक्रोशित परिजन और क्षेत्रवासी बड़ी संख्या में माता का थान थाने के बाहर एकत्र हो गए। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर ढिलाई बरतने का आरोप लगाते हुए सड़क जाम कर दी, जिससे यातायात प्रभावित हुआ।

सूचना मिलते ही थानाधिकारी मोहम्मद शफीक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाइश दी। उन्होंने जांच में तेजी लाने और जल्द कार्रवाई का भरोसा दिलाया, जिसके बाद लोगों ने जाम हटा लिया।


संदिग्ध युवक से नहीं मिला कोई सुराग

एडीसीपी (ईस्ट) वीरेंद्र सिंह के अनुसार, परिजनों ने रिपोर्ट में किसी को नामजद नहीं किया था, लेकिन एक युवक पर शक जताया गया था। पुलिस ने तत्काल युवक से पूछताछ की, लेकिन उससे कोई अहम सुराग नहीं मिला।

फिलहाल पुलिस की अलग-अलग टीमें छात्रा के दोस्तों, स्कूल और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही हैं और हर संभावित एंगल से जांच जारी है।


परिवार में बढ़ी चिंता, जल्द कार्रवाई की मांग

छात्रा के लापता होने के बाद से परिवार बेहद परेशान है। परिजनों का कहना है कि समय बीतने के साथ उनकी चिंता बढ़ती जा रही है और वे जल्द से जल्द बच्ची को सुरक्षित वापस लाने की मांग कर रहे हैं।

और नया पुराने

Column Right

Facebook