भीनमाल में ज्वेलर पर लाखों की धोखाधड़ी का आरोप: 452 ग्राम सोना लेकर फरार, दुकान पर ताला

 भीनमाल में ज्वेलर पर लाखों की धोखाधड़ी का आरोप: 

452 ग्राम सोना लेकर फरार, दुकान पर ताला


भीनमाल में एक ज्वेलर द्वारा लाखों रुपए के सोने की कथित हेराफेरी का मामला सामने आया है। घड़ाई (आभूषण बनाने) के लिए लिया गया 452 ग्राम सोना लेकर आरोपी फरार हो गया, जिससे व्यापारियों में हड़कंप मच गया है।

पुलिस थाना भीनमाल में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, बड़ा चौहटा निवासी मफतलाल उर्फ नारायणलाल सोनी ने शिकायत दी है। उन्होंने बताया कि वे सोने-चांदी के आभूषण बनाने का कार्य करते हैं और उनकी फर्म “मफतलाल मनरूपजी सोनी” के नाम से संचालित है।

शिकायत में बताया गया कि उन्होंने भीलों के चौहटे स्थित “दीपक ज्वैलर्स” के संचालक जीतू पुत्र रतीलाल सोनी को 452 ग्राम सोना आभूषण बनाने के लिए दिया था। काफी समय तक गहने तैयार नहीं होने पर जब उन्होंने आरोपी से संपर्क किया तो वह लगातार टालमटोल करता रहा।

कुछ समय बाद आरोपी ने अपनी दुकान और मकान दोनों बंद कर दिए और फरार हो गया। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी ने अन्य व्यापारियों के साथ भी इसी तरह की धोखाधड़ी की है।

मामले की जांच कर रहे सहायक उप निरीक्षक नरेंद्र कुमार ने बताया कि फिलहाल आरोपी का कोई सुराग नहीं मिला है और ना ही सोने की बरामदगी हो पाई है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।

और नया पुराने

Column Right

Facebook