मटका किंग’ में नजर आएंगे भूपेंद्र जड़ावत, विजय वर्मा के साथ शेयर करेंगे स्क्रीन

मटका किंग’ में नजर आएंगे भूपेंद्र जड़ावत, विजय वर्मा के साथ शेयर करेंगे स्क्रीन



जयपुर राजस्थान के उभरते अभिनेता भूपेंद्र जड़ावत अब वेब सीरीज ‘मटका किंग’ में दमदार भूमिका निभाते नजर आएंगे। इस क्राइम ड्रामा सीरीज में वे चर्चित अभिनेता विजय वर्मा के साथ स्क्रीन शेयर करेंगे। नागराज मंजुळे के निर्देशन में बनी यह सीरीज 17 अप्रैल 2026 को अमेजन प्राइम वीडियो पर रिलीज होने जा रही है।

कोटा में पले-बढ़े भूपेंद्र ने अपने अभिनय सफर की शुरुआत जयपुर में रंगमंच से की थी। इसके बाद उन्होंने राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (NSD) से पेशेवर प्रशिक्षण लिया और अपने अभिनय को निखारा। छोटे शहर से बड़े सपनों के साथ मुंबई पहुंचे भूपेंद्र का सफर संघर्षों से भरा रहा, लेकिन उन्होंने लगातार मेहनत के दम पर इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बनाई।

‘मटका किंग’ 1960 के दशक के मुंबई के अंडरवर्ल्ड और सट्टेबाजी की दुनिया पर आधारित है। कहानी एक कॉटन ट्रेडर के इर्द-गिर्द घूमती है, जो “मटका” सट्टा प्रणाली की शुरुआत कर धीरे-धीरे “मटका किंग” बन जाता है। सीरीज में उस दौर के अपराध, संघर्ष और महत्वाकांक्षा को रोमांचक अंदाज में पेश किया गया है।

इस सीरीज में भूपेंद्र जड़ावत के साथ कृतिका कामरा, सई ताम्हणकर और गुलशन ग्रोवर जैसे कलाकार भी नजर आएंगे। भूपेंद्र का कहना है कि यह प्रोजेक्ट उनके दिल के बेहद करीब है और नागराज मंजुळे जैसे निर्देशक के साथ काम करना उनके लिए खास अनुभव रहा।

भूपेंद्र इससे पहले ‘क्लास ऑफ ’83’ में बॉबी देओल के साथ नजर आ चुके हैं, जहां उनके अभिनय को सराहना मिली और उन्हें फिल्मफेयर ओटीटी अवॉर्ड्स में नामांकन भी मिला। इसके अलावा वे ‘मॉर्डन लव: मुंबई’, ‘आर्या सीजन 3’ और ‘डब्बा कार्टल’ जैसी वेब सीरीज में भी अपनी प्रतिभा दिखा चुके हैं।

राजस्थान के इस कलाकार की सफलता न सिर्फ उनके लिए, बल्कि राज्य के टैलेंट के लिए भी प्रेरणादायक मानी जा रही है।


और नया पुराने

Column Right

Facebook