बारात में DJ विवाद बना जानलेवा, युवक की चाकू मारकर हत्या
सवाई माधोपुर। शहर के मानटाउन थाना क्षेत्र में सोमवार रात एक बारात में मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। DJ पर नाचने को लेकर हुई बहस के बाद कुछ युवकों ने एक युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, घटना सीमेंट फैक्ट्री इलाके में रात करीब 10:30 बजे की है। कोटा से आई बारात में शामिल विशाल (28) पुत्र रघुवीर चंद का कुछ युवकों से DJ पर नाचने को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते बहस बढ़कर मारपीट में बदल गई और आरोपियों ने विशाल पर चाकू से हमला कर दिया।
गंभीर रूप से घायल विशाल को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि विशाल कोटा के कुन्हाड़ी थाना क्षेत्र का निवासी था और बारात में शामिल होने सवाई माधोपुर आया था।
मृतक के पिता रघुवीर चंद की रिपोर्ट पर मानटाउन थाने में हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने कुछ संदिग्ध युवकों को डिटेन कर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।