बालोतरा में किराना दुकान में आग, 40 लाख का नुकसान, पड़ोसियों ने दुकान से धुआं निकलता देखा, शटर खोलते ही निकली लपटें

 

बालोतरा में किराना दुकान में आग, 40 लाख का नुकसान:पड़ोसियों ने दुकान से धुआं निकलता देखा, शटर खोलते ही निकली लपटें



बालोतरा में किराना दुकान में आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा। सूचना मिलते ही आस-पास के लोग मौके पर पहुंचे। मौके पर पहुंची चार फायर ब्रिगेड से करीब 2 घंटे की मशक्कत कर आग पर काबू पाया गया।

घटना शहर के समदड़ी रोड पर रविवार देर रात करीब 11:45 बजे की है। घटना में करीब 40 लाख रुपए का नुकसान हुआ है।

दुकान मालिक पारसमल माली ने बताया- वो रात करीब 11:30 बजे दुकान बंद कर घर गए थे। घर पहुंचने के कुछ देर बाद ही उन्हें पड़ोसियों से दुकान से धुआं निकलने की सूचना मिली। पारसमल माली तुरंत मौके पर पहुंचे और दुकान खोलने पर अंदर आग लगी हुई पाई।

आसपास के लोगों ने अपने घरों और दुकानों से पानी लाकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की तीव्रता अधिक होने के कारण उस पर काबू नहीं पाया जा सका। इसके बाद तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी।

नगर परिषद और सीईटीपी की कुल चार फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। उन्होंने लगातार पानी की बौछार कर आग को फैलने से रोका, जिससे आसपास की अन्य दुकानें और मकान सुरक्षित बच गए।

आग के कारण किराना दुकान में रखा अधिकांश सामान जल गया। दुकान मालिक पारसमल माली ने बताया- इस घटना में करीब 40 लाख रुपए से अधिक का नुकसान हुआ है। आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, लेकिन प्रारंभिक आशंका शॉर्ट सर्किट की जताई जा रही है। प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है।

और नया पुराने

Column Right

Facebook