जालोर हादसा: एथेनॉल टैंकर पलटा, हाईवे पर 200 मीटर तक आग की लपटें, ड्राइवर की मौत

 जालोर हादसा: एथेनॉल टैंकर पलटा, हाईवे पर 200 मीटर तक आग की लपटें, ड्राइवर की मौत



सांचौर (जालोर): राजस्थान के जालोर जिले में बुधवार दोपहर एक भीषण हादसा हुआ, जब जैसलमेर-जामनगर नेशनल हाईवे (NH-68) पर एथेनॉल से भरा टैंकर पलटने के बाद आग की चपेट में आ गया। हादसे के बाद हाईवे पर करीब 200 मीटर तक आग की लपटें फैल गईं, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

इस दर्दनाक हादसे में टैंकर चालक की जिंदा जलने से मौत हो गई, जबकि उसके साथ मौजूद भाई ने समय रहते कूदकर अपनी जान बचा ली। आग पर करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद काबू पाया जा सका।


टैंकर में दो लोग सवार थे, जिनमें से एक समय रहते बाहर निकल गया। उसकी जान बच गई।



ओवरब्रिज पर बिगड़ा संतुलन, फिर भड़की आग

जानकारी के अनुसार, गुजरात नंबर (GJ-12-BZ-9820) का टैंकर बाड़मेर से गुजरात की ओर जा रहा था। सांचौर के सिंवाड़ा ओवरब्रिज पर अचानक संतुलन बिगड़ने से टैंकर पलट गया। पलटते ही उसमें आग लग गई और एथेनॉल के रिसाव के कारण आग तेजी से फैलती चली गई।

हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए।



ड्राइवर की दर्दनाक मौत, साथी सुरक्षित

हादसे में बाड़मेर के गुड़ामालानी निवासी सुखराम मेघवाल (34) की मौके पर ही जलकर मौत हो गई। वहीं, उनके रिश्तेदार नरसीराम (26) समय रहते टैंकर से कूद गए, जिससे उनकी जान बच गई। उन्हें हल्की चोटों के बाद स्थानीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया।


टायर फटने जैसी आवाज के बाद पलटा टैंकर

प्रत्यक्षदर्शी जीवाराम मेघवाल के अनुसार, हादसे से पहले टायर फटने जैसी तेज आवाज सुनाई दी। इसके बाद टैंकर अचानक अनियंत्रित होकर सर्विस रोड की ओर पलट गया। ओवरब्रिज की ढलान के कारण ज्वलनशील पदार्थ नीचे तक बह गया, जिससे आग और तेजी से फैल गई।

हादसे की सूचना पर सांचौर से फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग बुझाने की कोशिश में जुट गई।



फायर ब्रिगेड ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया। सांचौर SDM प्रमोद कुमार और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। बाद में निजी कंपनी की फायर टीम भी मौके पर पहुंची।


पंजाब से गुजरात जा रहा था टैंकर

बताया जा रहा है कि यह टैंकर पंजाब के भटिंडा से गुजरात के कांडला की ओर जा रहा था और इसमें एथेनॉल भरा हुआ था। हादसे के वक्त टैंकर में दो लोग सवार थे, जिनमें से एक की मौत हो गई।

और नया पुराने

Column Right

Facebook