घुमाव पर मामूली टच बना जानलेवा, 6 किमी पीछा कर ट्रक ड्राइवर की पत्थर मारकर हत्या

घुमाव पर मामूली टच बना जानलेवा, 

6 किमी पीछा कर ट्रक ड्राइवर की पत्थर मारकर हत्या


बालोतरा- बाड़मेर नेशनल हाईवे पर एक मामूली टक्कर ने भयावह रूप ले लिया। घुमाव के दौरान ट्रक और बाइक का हल्का टच होने के बाद गुस्साए बाइक सवार युवकों ने ट्रक ड्राइवर का पीछा कर उसकी हत्या कर दी।

क्या है मामला?


जानकारी के अनुसार, ईसरोल निवासी ट्रक ड्राइवर विशनाराम (40) बाड़मेर से गाड़ी खाली कर अपने ससुराल लोहरवा जा रहा था। नेशनल हाईवे-68 से गुड़ामालानी रोड की ओर मुड़ते समय ट्रक का एक बाइक से हल्का टच हो गया। इस घटना में बाइक सवार दोनों युवक सुरक्षित रहे, लेकिन वे ट्रक ड्राइवर से उलझ पड़े। मौके पर मौजूद लोगों ने समझाइश कर मामला शांत करवा दिया।



6 किलोमीटर तक पीछा, फिर हमला


मामला शांत होने के बाद विशनाराम अपनी ससुराल की ओर रवाना हो गया, लेकिन गुस्साए बाइक सवारों ने करीब 6 किलोमीटर तक ट्रक का पीछा किया। सुनसान स्थान पर उन्होंने ट्रक पर बड़ा पत्थर फेंका, जो कांच तोड़ते हुए सीधे ड्राइवर की गर्दन पर लगा। गंभीर चोट लगने से विशनाराम की मौके पर ही मौत हो गई।

मौके पर हंगामा, पुलिस तैनात


घटना के बाद खलासी ने राहगीरों से मदद मांगी। सूचना मिलते ही धोरीमन्ना पुलिस मौके पर पहुंची। बड़ी संख्या में ग्रामीणों और परिजनों ने मौके पर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया।

पुलिस का बयान


धोरीमन्ना थानाधिकारी दीपसिंह ने बताया कि हालात को देखते हुए पुलिस जाप्ता तैनात किया गया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। मौके पर एएसपी नितेश आर्य और डीएसपी सुखराम विश्नोई भी मौजूद हैं।


और नया पुराने

Column Right

Facebook