बालोतरा में अवैध हथियार और मादक पदार्थ के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई
, 3 आरोपी गिरफ्तार
बालोतरा -जिले में पुलिस ने नशे और अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन विषभंजन” के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक अवैध पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस और एमडी ड्रग बरामद की गई है। इसके साथ ही वारदात में उपयोग ली जा रही मोटरसाइकिल, स्कूटी और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक रमेश ने बताया कि प्रदेश में नशाखोरी पर नियंत्रण के लिए पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरफूलसिंह के सुपरविजन में और थानाधिकारी हिंगलाजदान के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया था।
गश्त के दौरान पुलिस को संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली, जिस पर कार्रवाई करते हुए बाइक और स्कूटी सवार युवकों को रोका गया। पूछताछ में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर तलाशी ली गई, जिसमें अवैध हथियार और मादक पदार्थ बरामद हुए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान महेंद्र कुमार, योगेश और गणपत के रूप में हुई है। तीनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर सप्लाई नेटवर्क और अन्य जुड़े लोगों की जानकारी जुटा रही है। महेंद्र कुमार के खिलाफ पहले भी आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।