भरतपुर में ईद की रौनक:
ईदगाह में अदा हुई नमाज, अमन-चैन की दुआ के साथ गूंजा भाईचारे का संदेश
भरतपुर- भरतपुर के कुम्हेर गेट स्थित ईदगाह में ईद-उल-फितर का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। सुबह से ही ईदगाह परिसर में मुस्लिम समाज के लोगों की भीड़ उमड़ने लगी और सैकड़ों लोगों ने एक साथ नमाज अदा कर देश में अमन, शांति और तरक्की की दुआ मांगी। सुरक्षा के मद्देनजर इलाके में जगह-जगह पुलिस बल तैनात रहा।
नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी और आपसी भाईचारे का संदेश दिया। इस मौके पर इमाम मोहम्मद आबिद ने कहा कि देश की तरक्की आपसी प्रेम और सौहार्द में ही निहित है। उन्होंने सभी धर्मों के लोगों को एक-दूसरे को भाई मानकर साथ रहने की अपील की।
उन्होंने यह भी बताया कि रमजान का महीना आत्मशुद्धि और इबादत का समय होता है, जिसमें लोग रोजे रखकर अल्लाह से अपनी गलतियों की माफी मांगते हैं। पूरे महीने की इबादत के बाद ईद का त्योहार खुशी और इनाम के रूप में मनाया जाता है।
ईद के इस पावन अवसर पर शहर में खुशियों का माहौल देखने को मिला और हर तरफ आपसी प्रेम, सौहार्द और एकता की झलक नजर आई।