मिठी-ईद पर बाड़मेर में गूंजा भाईचारे का पैगाम, ईदगाह में अदा हुई नमाज
हजारों मौमिनों ने मांगी अमन-चैन और तरक्की की दुआ
बाड़मेर। ईदुल-फितर यानी मिठी-ईद का पर्व जिलेभर में हर्षोल्लास और अकीदत के साथ मनाया गया। शनिवार सुबह गेहूं रोड स्थित जामा मस्जिद और ईदगाह में हजारों की संख्या में मौमिनों ने नमाज अदा की। नमाज के दौरान देश में अमन-चैन, भाईचारा और खुशहाली के लिए विशेष दुआएं मांगी गईं।
सुबह से उमड़ा नमाजियों का सैलाब, एक साथ झुके हजारों सिर
सुबह से ही ईदगाह में नमाज अदा करने के लिए लोगों का आना शुरू हो गया था। निर्धारित समय पर नमाजी पंक्तियों में बैठ गए और सामूहिक रूप से नमाज अदा की। इस दौरान युवाओं, बुजुर्गों और बच्चों की बड़ी संख्या देखने को मिली। पूरा माहौल इबादत और श्रद्धा से सराबोर नजर आया।
पेश इमाम की अगुवाई में अदा की गई नमाज
जामा मस्जिद के पेश इमाम हाजी मौलाना लाल मोहम्मद सिद्दीकी की अगुवाई में ईद की नमाज अदा की गई। नमाज के बाद सभी ने खुदा की बारगाह में हाथ उठाकर देश की तरक्की, भाईचारे और शांति के लिए दुआ मांगी।
गले मिलकर दी ईद की मुबारकबाद, दिखी आपसी सौहार्द की मिसाल
नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी। हर तरफ खुशियों का माहौल रहा और भाईचारे की भावना साफ तौर पर देखने को मिली। इस मौके पर लोगों ने आपसी प्रेम और सौहार्द का संदेश दिया।
जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने दी शुभकामनाएं
इस अवसर पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह गोदारा, नगर परिषद के पूर्व सभापति दिलीप माली, कांग्रेस नेता मांगीलाल वडेरा, युवा नेता ठाकराराम माली सहित कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने मुस्लिम भाइयों को गले लगाकर ईद की बधाई दी।
सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद
ईद के मौके पर प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। ईदगाह और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस बल तैनात रहा, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।
‘बाड़मेर की कौमी एकता देश के लिए मिसाल’
कांग्रेस जिलाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह गोदारा ने कहा कि बाड़मेर की सामाजिक समरसता अनूठी और बेमिसाल है। यहां सभी धर्मों के लोग एक-दूसरे के त्योहारों का सम्मान करते हैं। यह सर्वधर्म समभाव और इंसानियत का सशक्त उदाहरण है, जिससे पूरे देश को सीख लेने की जरूरत है।