उदयपुर-पिंडवाड़ा हाईवे पर चलते ट्रेलर में भीषण आग, ड्राइवर ने कूदकर बचाई जान

उदयपुर-पिंडवाड़ा हाईवे पर चलते  ट्रेलर में भीषण आग,

ड्राइवर ने कूदकर बचाई जान

 


उदयपुर-पिंडवाड़ा हाईवे पर शनिवार दोपहर एक बड़ा हादसा टल गया, जब तेज रफ्तार से दौड़ रहा एक ट्रेलर अचानक आग की चपेट में आ गया। घटना गोगुंदा क्षेत्र में भव्या पैलेस के सामने करीब 1:30 बजे हुई, जहां कुछ ही मिनटों में ट्रेलर आग के गोले में तब्दील हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेलर गोगुंदा से उदयपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान उसके इंजन से अचानक धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग ने पूरे केबिन को घेर लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि चालक के पास बाहर निकलने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा।

स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए चालक ने चलते ट्रेलर से ही छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान बच गई। चालक के कूदते ही ट्रेलर अनियंत्रित हो गया और तेज गति के कारण डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में जा घुसा। जलते हुए ट्रेलर को अपनी ओर आता देख दूसरी तरफ के वाहन चालकों में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।


गनीमत रही कि उस समय सामने से कोई वाहन ट्रेलर की चपेट में नहीं आया, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। सूचना मिलते ही बड़गांव पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। 

और नया पुराने

Column Right

Facebook