हाईवे किनारे लेपर्ड का
शिकार, लोगों ने बनाया VIDEO
रणथंभौर टाइगर रिजर्व की परिधि में एक बार फिर लेपर्ड की हलचल से दहशत का माहौल बन गया। 16 मार्च की रात करीब 9 बजे लेपर्ड जंगल से निकलकर कुशालीपुरा गांव के पास पहुंच गया और नेशनल हाईवे-552 किनारे एक भैंस का शिकार कर लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लेपर्ड सड़क किनारे ही बैठकर शिकार को खाने लगा। इसी दौरान हाईवे से गुजर रहे कुछ लोगों ने अपनी गाड़ियां रोककर इसका वीडियो बना लिया। गाड़ियों की तेज लाइट पड़ते ही लेपर्ड शिकार छोड़कर वापस जंगल की ओर भाग गया।
यह इलाका टाइगर रिजर्व की पेरीफेरी में आता है, जहां अक्सर वन्यजीवों की आवाजाही बनी रहती है। घटना के बाद ग्रामीणों में भय का माहौल है और रात के समय आवाजाही को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है।
लेपर्ड की संख्या ज्यादा
रणथंभौर टाइगर रिजर्व में लेपर्ड की संख्या टाइगरों के मुकाबले काफी अधिक है। यहां करीब 170 लेपर्ड मौजूद हैं, जो टाइगरों की संख्या से दोगुने से भी ज्यादा माने जा रहे हैं। विशेषज्ञों के मुताबिक, शिकार और क्षेत्र की तलाश में लेपर्ड अक्सर जंगल से बाहर आबादी वाले इलाकों तक पहुंच जाते हैं।
वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि रात के समय जंगल किनारे या हाईवे पर अनावश्यक रूप से रुकने से बचें और वन्यजीव दिखने पर सुरक्षित दूरी बनाए रखें।