मिडिल ईस्ट तनाव का असर: जयपुर एयरपोर्ट से दुबई-शारजाह फ्लाइट्स रद्द, बुकिंग भी रुकी

मिडिल ईस्ट तनाव का असर: जयपुर एयरपोर्ट से दुबई-शारजाह फ्लाइट्स रद्द, बुकिंग भी रुकी



ईरान-इजरायल तनाव के चलते एयरस्पेस अलर्ट, यात्रियों को रिफंड और वैकल्पिक उड़ानों का सहारा

मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और ईरान-इजरायल के बीच बिगड़ते हालात का असर अब भारत के हवाई यातायात पर भी साफ दिखाई देने लगा है। सुरक्षा कारणों और एयरस्पेस की संवेदनशील स्थिति को देखते हुए जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से खाड़ी देशों के लिए संचालित कई उड़ानें प्रभावित हुई हैं।

मंगलवार को जयपुर से शारजाह और दुबई जाने वाली दो इंटरनेशनल फ्लाइट्स को रद्द कर दिया गया। एयर अरेबिया की शारजाह जाने वाली फ्लाइट G9-436, जो रोजाना सुबह 4:10 बजे उड़ान भरती है, को ताजा हालात के चलते कैंसिल कर दिया गया।

वहीं, स्पाइसजेट की दुबई जाने वाली फ्लाइट SG-57, जो सुबह 9:40 बजे रवाना होती है, भी रद्द कर दी गई। इससे पहले से टिकट बुक कर चुके यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा है। एयरलाइंस ने यात्रियों के लिए रिफंड और वैकल्पिक उड़ानों की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

स्थिति को देखते हुए एतिहाद एयरवेज और एयर इंडिया एक्सप्रेस जैसी एयरलाइंस ने भी खाड़ी देशों के लिए कुछ उड़ानों की बुकिंग फिलहाल बंद कर दी है। एयरलाइंस का कहना है कि क्षेत्रीय सुरक्षा और एयरस्पेस से जुड़े दिशा-निर्देशों के आधार पर आगे का फैसला लिया जाएगा।

दरअसल, ईरान और इजरायल के बीच बढ़ते तनाव के चलते मध्य पूर्व के कई हिस्सों में एयरस्पेस पर सतर्कता बढ़ा दी गई है। कई अंतरराष्ट्रीय एयरलाइंस अपने रूट बदल रही हैं या उड़ानें अस्थायी रूप से स्थगित कर रही हैं।

जयपुर एयरपोर्ट से दुबई, शारजाह और अबू धाबी जैसे शहरों के लिए बड़ी संख्या में प्रवासी भारतीय और पर्यटक यात्रा करते हैं। ऐसे में फ्लाइट्स के रद्द होने से यात्रियों की ट्रैवल प्लानिंग पर सीधा असर पड़ा है।

और नया पुराने

Column Right

Facebook