खतरनाक टर्न बना मौत का जाल! 12 फीट गड्डे में गिरी कार, बीजेपी नेता के दामाद की मौत
उदयपुर के सुखेर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने सभी को झकझोर दिया। खेलगांव रोड पर हनुमानजी मंदिर वाले खतरनाक टर्न पर मंगलवार देर रात एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर करीब 12 फीट गहरे गड्डे में जा गिरी। हादसे में कार चला रहे युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया।मृतक की पहचान हिमांशु सालवी (निवासी बोहरा गणेशजी) के रूप में हुई है, जो बीजेपी जिला शहर महामंत्री देवीलाल सालवी के दामाद बताए जा रहे हैं। वहीं घायल युवक राहुल सिंह का अस्पताल में इलाज जारी है।
टर्न लेते ही हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक दोनों युवक किसी काम से बाहर गए थे और देर रात घर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी कार हनुमानजी मंदिर के पास टर्न पर पहुंची, तेज रफ्तार के चलते नियंत्रण बिगड़ गया और कार सीधे गड्डे में गिर गई।
गर्दन टकराई, मौके पर मौत
हादसा इतना भयानक था कि ड्राइवर सीट पर बैठे हिमांशु की गर्दन कार के गेट से जोरदार टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि गेट तक टूट गया और युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।रात में गुजर रहे लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को एमबी हॉस्पिटल की मोर्चरी में रखवाया और घायल को भर्ती कराया।
14 दिन में दूसरी मौत
यह टर्न अब हादसों का हॉटस्पॉट बन चुका है। महज 14 दिन पहले भी यहां एक बुलेट सवार युवक गड्डे में गिरा था, जिसकी बाद में मौत हो गई थी।
लोगों में गुस्सा, प्रशासन पर सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस खतरनाक टर्न को लेकर कई बार शिकायत की जा चुकी है। बाउंड्री वॉल और चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग भी उठाई गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
सबसे बड़ा सवाल: आखिर कब जागेगा प्रशासन?
कितनी और जानें जाएंगी इस ‘मौत के टर्न’ पर?