रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध का आज 12वां दिन है। यूक्रेन युद्ध को लेकर इंटरनेशनल कोर्ट में सुनवाई शुरू हो चुकी है। हालांकि रूस इस सुनवाई में हिस्सा नहीं ले रहा है। ये सुनवाई आज और कल दो दिन चलेगी।
इधर, रूस ने पूरे यूक्रेन में सीजफायर का ऐलान किया है। यह सीजफायर 12.30 बजे से शुरू होगा। इस दौरान युद्ध में फंसे लोगों को निकालने के लिए ह्यूमन कॉरिडोर बनाया जाएगा। यह दूसरी बार है जब रूस ने यूक्रेन में सीजफायर का ऐलान किया है। इससे पहले दो शहरों में सीजफायर किया गया था। हालांकि रूस ने इसे कुछ घंटों में खत्म करके बमबारी शुरू कर दी थी।
वहीं सीजफायर शुरू होने के बाद रूस और यूक्रेन के बीच बेलारूस में तीसरे दौर की बातचीत जारी है। बेलारूस के विदेश मंत्रालय ने इसकी जानकारी दी। इससे पहले 28 फरवरी को पहले और 3 मार्च को दूसरे दौर की बात हुई थी।
वहीं रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन के प्रेस सेक्रेटरी दिमित्री पेस्कोव ने न्यूज एजेंसी रॉयटर्स से कहा है कि अगर यूक्रेन रूस की शर्तें मानने को तैयार है तो सैन्य कार्रवाई तुरंत रोक दी जाएगी। पेस्कोव ने कहा "यूक्रेन को बता दिया गया है कि अगर वो उनकी शर्तें मानने को तैयार है तो सैन्य कार्रवाई तुरंत बंद हो जाएगी।" उन्होंने बताया कि यूक्रेन को अपने संविधान में संशोधन करना चाहिए जो यूक्रेन को किसी भी संगठन से जुड़ने से रोक दे।
इधर, संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार के उच्चायुक्त कार्यालय ने बताया कि रूस-यूक्रेन में 24 फरवरी से शुरू हुए जंग के बाद 6 मार्च तक 406 नागरिक मारे गए हैं और 801 लोग घायल हुए हैं।
इससे पहले सोमवार सुबह रूस ने यूक्रेन के खार्किव शहर में रिहाइशी इमारतों को निशाना बनाया। हालांकि, लोगों को पहले ही बंकरों समेत सुरक्षित जगहों पर जाने की सलाह दी जा चुकी थी, लेकिन अब भी वहां कुछ लोगों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। इधर, यूक्रेन ने कई रूसी टैंकों को तबाह करने का दावा किया है।
जिस समय यह हादसा हुआ, न्यूयॉर्क टाइम्स की जर्नलिस्ट लिंसे अडारियो वहीं मौजूद थीं। हम हादसे को चश्मदीद लिंसे के शब्दों में ही पेश कर रहे हैं...
'मैं कीव के बाहरी इलाके में इर्पिन नदी के पुल के पास मौजूद थी। यह ब्रिज यूक्रेन ने उड़ा दिया था, ताकि रूसी सेना को आगे बढ़ने से रोका जा सके। रविवार को शहर के कई नागरिक इस टूटे पुल को पार करके सुरक्षित जगहों पर पहुंचने की कोशिश कर रहे थे। इनमें एक परिवार भी था, जिसमें एक महिला, उसके दो बच्चे और एक पुरुष था। ये लोग अपने बैगेज के साथ आगे बढ़े ही थे, तभी वहां जोरदार धमाका हुआ। कॉन्क्रीट के बड़े ब्लॉक्स हवा में उछल गए। चारों तरफ धूल का गुबार उठा। जब धूल छंटी, तो लोग भागते नजर आए, लेकिन वह परिवार कहीं दिखाई नहीं दिया। मां और बच्चे के शव सड़क पर गिरे हुए थे। पुरुष गंभीर रूप से घायल था। यूक्रेन के सैनिक उसे बचाने की कोशिश कर रहे थे।'
जंग के अहम अपडेट्स..
- रूस ने उसके खिलाफ जाने वाले देशों की लिस्ट जारी की है। इसमें ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, यूरोपीय संघ यानी EU, आइसलैंड, जापान, मोनाको, मोंटेनेग्रो, न्यूज़ीलैंड, नॉर्वे, ताइवान, सैन मारिनो, सिंगापुर, साउथ कोरिया, स्विटजरलैंड, यूक्रेन, ब्रिटेन और अमेरिका शामिल है।
- यूक्रेन ने कहा- रूस के साथ बेलारूस की सीमा पर बनाए गए कॉरिडोर से लोग बाहर नहीं जाएंगे।
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यूक्रेनी राष्ट्रपति वोल्दोमिर जेलेंस्की से करीब 35 मिनट बात की। दोनों नेताओं ने यूक्रेन के मौजूदा हालात पर चर्चा की।
- यूक्रेन के राष्ट्रपति वोल्दोमिर जेलेंस्की ने कहा- जंग में लोगों की हत्या करने वालों को हम माफ नहीं करेंगे। जंग के दौरान जो अत्याचार हुए हैं उन्हें भूलेंगे नहीं।
- जेलेंस्की की अपील पर अमेरिका और NATO ने रविवार को यूक्रेन को 17 हजार एंटी टैंक मिसाइलें और दूसरे हथियारों की खेप भेजी है।
- रूसी ने यूक्रेन की मदद करने वाले देशों को धमकी दी है कि ऐसा करके वे रूस के साथ जंग को दावत दे रहे हैं।
- रूसी सेनाओं ने यूक्रेन की राजधानी कीव पर दो तरफ से हमला बोल दिया है। पूर्व की तरफ से रूसी सेनाएं कीव में दाखिल होने के लिए आगे बढ़ रही हैं। वहीं, पश्चिम की तरफ से रूस के सैनिक आम लोगों को निशाना बना रहे हैं।
- यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने रविवार को कहा कि रूस ने यूक्रेन की डिफेंस इंडस्ट्री से जुड़े संस्थानों पर हमले का ऐलान किया है। इनमें से अधिकतर शहरों के बीच हैं, जहां चारों तरफ आम नागरिक रहते हैं। ऐसे में रूसी हमला सीधे तौर पर नागरिकों का मर्डर है।
- जेलेंस्की ने रूसी हमले झेल रहे खार्किव, चेर्नीहीव, मारियुपोल, खेर्सोन, होस्टोमेल और वोल्नोवाखा शहरों को सोवियत परंपरा के अनुसार हीरो सिटी की उपाधि दी है। द्वितीय विश्व युद्ध के बाद सोवियत संघ के 12 शहरों को यह खिताब दिया गया था।
- रूस और यूक्रेन के बीच पोलैंड में शांति समझौते पर तीसरे दौर की बातचीत हो सकती है।