#MUMBAI
सच्चा प्यार किसी भी उम्र में मिल सकता है। ऐसे ही एक मामले में मुंबई में एक बेटे और बहू ने अपनी विधवा मां की शादी कराई है। उनके इस कदम की लोग काफी तारीफ कर रहे हैं। शादी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। 52 साल की विधवा उम्र के इस पड़ाव में काफी अकेला फील करतीं थीं। जिसे देखते हुए बेटे और बहू ने उनकी शादी कराई है।
बेटे ने पोस्ट लिखकर मां की बहादुरी को सराहा
दुबई में रहने वाले जिमीत गांधी ने लिंक्डइन पर पोस्ट लिखकर अपनी मां की बहादुरी को सराहा है। उन्होंने बताया कि 2013 में उसके पिता की मृत्यु हुई थी। फिर 2017 में मां को थर्ड स्टेज का ब्रेस्ट कैंसर हुआ। कोविड के समय में वो कोराना वायरस से भी इंफेक्टेड हुईं। लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी। वो कैंसर और कोविड से पूरी तरह ठीक हो चुकीं हैं और अब उन्होंने अपना नया जीवनसाथी भी चुन लिया है।
सास को हुआ था परिचित से प्यार, बहू से शेयर की बात
52 साल की कामिनी गांधी काफी समय से अकेलेपन से जूझ रहीं थीं। उनके बच्चे बाहर काम करते हैं। कामिनी लंबे समय से बीमारियों से भी परेशान थीं। ऐसे में उन्होंने एक नया जीवन शुरू करने का फैसला किया। एक पुराने पारिवारिक मित्र से उनको प्यार हो गया। शुरू में कामिनी ने जमाने के डर से यह बात किसी को नहीं बताई। बाद में उन्होंने डरते-डरते यह बात अपनी बहू से शेयर की। फिर उनके बेटे को भी इसकी जानकारी मिली। अच्छी बात यह रही कि किसी ने उनके इस रिश्ते का विरोध नहीं किया। बेटे-बहू ने मिलकर उनकी शादी कराई। बीते 14 फरवरी को दोनों मुंबई में शादी के बंधन में बंध गए।
सोशल मीडिया पर लोगों ने की तारीफ
बेटे की पोस्ट पर लोग मां और बेटे दोनों की हिम्मत की खूब तारीफ कर रहे हैं। साथ ही लोग उन्हें शादी और नये जीवन के लिए शुभकामनाएं भी दे रहे हैं।