जालोर में एमडी ड्रग बनाने की अवैध फैक्ट्री पकड़ी
15 करोड़ का कच्चा माल जब्त, आरोपी गिरफ्तार; ANTF की बड़ी कार्रवाई
जालोर। जिले के बागोड़ा थाना क्षेत्र के गांवड़ी गांव में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एमडी (मेफेड्रोन) ड्रग बनाने की अवैध फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। ऑपरेशन “विषसर्जना” के तहत टीम ने करीब 50 किलो एमडी बनाने योग्य लगभग 15 करोड़ रुपए का कच्चा माल जब्त किया है। मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
गुप्त सूचना से शुरू हुई कार्रवाई
महानिरीक्षक विकास कुमार ने बताया कि बागोड़ा क्षेत्र में अवैध फैक्ट्री संचालित होने की सूचना मिली थी। एएनटीएफ टीम को सटीक लोकेशन मिलने के बाद स्थानीय स्तर पर जांच शुरू की गई। टीम ने कबाड़ व्यवसाय से जुड़े लोगों की मदद ली, जहां बड़ी संख्या में खाली ड्रम मुफ्त में देने की सूचना सामने आई। इसी इनपुट के आधार पर टीम संदिग्ध मकान तक पहुंची।
शुक्रवार शाम दी दबिश, आधुनिक उपकरण बरामद
शुक्रवार शाम को टीम ने दबिश देकर फैक्ट्री का पर्दाफाश किया। यहां से 50 किलोग्राम एमडी तैयार करने लायक कच्चा रसायन, करीब 400 लीटर केमिकल और अत्याधुनिक फैक्ट्री उपकरण बरामद किए गए। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 15 करोड़ रुपए आंकी गई है।
गुजरात और जोधपुर से आता था कच्चा माल
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कच्चा माल गुजरात और जोधपुर के विभिन्न क्षेत्रों से भीनमाल की एक ट्रैवल एजेंसी के माध्यम से मंगवाया जाता था। पुलिस अब इस सप्लाई चेन की कड़ियों को खंगाल रही है।
सहायक से बना सरगना
गिरफ्तार आरोपी की पहचान ओम प्रकाश के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि वह पहले एक बड़े तस्कर का सहायक था। मुख्य सरगना के जेल जाने के बाद उसने खुद नेटवर्क संभाल लिया। आरोपी किराये के मकान में फैक्ट्री चला रहा था और इसके एवज में उसे 4 लाख 50 हजार रुपए किराया मिलता था।
गूगल से सीखा एमडी बनाना
पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि आरोपी ने कुछ अनुभव पूर्व सहयोगियों से और कुछ जानकारी इंटरनेट (गूगल) के माध्यम से हासिल की। पिछले चार महीनों से वह हर 10 दिन में 10-10 किलो एमडी तैयार कर बाजार में खपा रहा था। अनुमान है कि अब तक 15 से 20 करोड़ रुपए का माल सप्लाई किया जा चुका है।
ठिकाना बदला, नए पार्टनर के साथ शुरू करने की थी तैयारी
करीब 3-4 दिन पहले आरोपी ने सुरक्षा कारणों से अपना ठिकाना बदला था और नए पार्टनर के साथ उत्पादन दोबारा शुरू करने की तैयारी में था। इससे पहले ही एएनटीएफ ने कार्रवाई कर नेटवर्क तोड़ दिया।
400 लीटर केमिकल की जांच जारी
हालांकि, करीब 400 लीटर कच्चा केमिकल कहां से और किस माध्यम से आया, इसकी जांच जारी है। पुलिस पूरे नेटवर्क और वित्तीय लेनदेन की भी पड़ताल कर रही है।