विधानसभा में आहोर विधायक छगन सिंह राजपुरोहित ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां

 विधानसभा में आहोर विधायक छगन सिंह राजपुरोहित ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां

किसानों-युवाओं के हितों को बताया प्राथमिकता



जयपुर। आहोर विधायक छगन सिंह राजपुरोहित ने विधानसभा की कार्यवाही के दौरान प्रदेश सरकार द्वारा किए जा रहे जनकल्याणकारी कार्यों को लेकर सदन में अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि बीते दो वर्षों में राज्य सरकार ने समाज के हर वर्ग को ध्यान में रखते हुए योजनाबद्ध, संवेदनशील और परिणामोन्मुखी तरीके से कार्य किया है, जिससे सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंच सुनिश्चित हो रहा है। विधायक राजपुरोहित ने किसानों के हितों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनकी आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की तर्ज पर मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि योजना लागू की गई है। इस योजना के माध्यम से किसानों को नियमित आर्थिक सहयोग मिल रहा है, जिससे उनकी आय में स्थिरता आई है और वे आत्मनिर्भर बनने की ओर अग्रसर हुए हैं। उन्होंने युवाओं के भविष्य को लेकर सरकार की प्रतिबद्धता को रेखांकित करते हुए कहा कि प्रदेश में प्रत्येक वर्ष बड़े पैमाने पर सरकारी भर्तियां निकाली जा रही हैं। साथ ही परीक्षाओं का आयोजन पूर्ण पारदर्शिता के साथ किया जा रहा है, जिससे बिना किसी पेपर लीक के योग्य युवाओं को अवसर मिल रहा है और शासन-प्रशासन के प्रति युवाओं का विश्वास मजबूत हुआ है। विधायक छगन सिंह राजपुरोहित ने पूर्ववर्ती सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में बिफरजॉय तूफान जैसी गंभीर आपदा के दौरान किसानों को हुए नुकसान का मुआवजा तक नहीं दिया गया। तत्कालीन सरकार ने यह कहकर जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया कि क्षेत्र में कोई नुकसान नहीं हुआ। इसके विपरीत, वर्तमान भाजपा सरकार के सत्ता में आते ही प्रभावित किसानों को आर्थिक सहायता प्रदान की गई। उन्होंने कहा कि इससे स्पष्ट होता है कि वर्तमान सरकार संवेदनशीलता, जवाबदेही और जनहित के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा प्रदेश के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है।


और नया पुराने

Column Right

Facebook