पाली में ‘सिलेंडर की शवयात्रा’ निकालकर विरोध: बढ़ती कीमतों से फास्ट फूड विक्रेता परेशान

 पाली में ‘सिलेंडर की शवयात्रा’ निकालकर विरोध: 

बढ़ती कीमतों से फास्ट फूड विक्रेता परेशान



पाली। कमर्शियल गैस सिलेंडर की लगातार बढ़ती कीमतों के विरोध में पाली शहर में लोगों ने अनोखा प्रदर्शन किया। लेबर कॉलोनी क्षेत्र में शुक्रवार को सिलेंडर की ‘शवयात्रा’ निकालकर सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई गई। इस विरोध में सबसे ज्यादा संख्या फास्ट फूड के ठेला संचालकों की रही, जिनका कहना है कि महंगे सिलेंडर के कारण उनका व्यवसाय प्रभावित हो रहा है।

प्रदर्शन में शामिल लोगों ने कहा कि मौजूदा समय शादी समारोहों का सीजन है, ऐसे में गैस सिलेंडर के दाम बढ़ने से आम लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। कई परिवारों को खर्च संभालने के लिए शादी के मेन्यू तक में बदलाव करना पड़ रहा है।

कांग्रेस नेता भंवर राव ने इसे आम जनता के लिए बड़ी परेशानी बताते हुए कहा कि सिलेंडर के दामों में इस समय बढ़ोतरी करना गलत है। वहीं, ठेला संचालकों ने भी नाराजगी जताते हुए कहा कि चाय, पानी-पूरी, चाऊमीन, मोमो और अन्य फास्ट फूड बेचने वालों की लागत बढ़ गई है, जिससे कमाई पर असर पड़ रहा है।

इस विरोध प्रदर्शन में चाय-नाश्ते के ठेले लगाने वाले, मिठाई-नमकीन विक्रेता और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में शामिल हुए।

वहीं, भाजपा जिलाध्यक्ष सुनील भंडारी ने बढ़ती कीमतों के पीछे अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों को जिम्मेदार बताया। उन्होंने कहा कि ईरान, अमेरिका और इजरायल के बीच तनावपूर्ण हालात के कारण गैस सप्लाई प्रभावित हुई है, जिससे भारत सहित कई देशों में कीमतों पर असर पड़ा है।

वर्तमान गैस सिलेंडर के दाम:

  • 19 किलो कमर्शियल सिलेंडर: 3139 रुपए
  • 5 किलो कमर्शियल सिलेंडर: 838 रुपए
  • फरवरी में 19 किलो सिलेंडर: 2042 रुपए
  • घरेलू गैस सिलेंडर: 923 रुपए

लोगों का कहना है कि यदि जल्द राहत नहीं मिली, तो ऐसे विरोध आगे भी जारी रहेंगे।

और नया पुराने

Column Right

Facebook