जिला कलक्टर आकस्मिक दौरे पर रहे

*जिला कलक्टर आकस्मिक दौरे पर रहे* 

 *ग्राम मांडवला में सीएचसी एवं मेंगलवा में मनरेगा कार्यों का निरीक्षण किया* 


एक आईना भारत
रिपोर्ट पदमा राम


जालोर 5 जून। जिला कलक्टर हिमांशु गुप्ता ने शुक्रवार को आकस्मिक दौरा कर ग्राम मांडवला में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र एवं मनरेगा में संचालित कार्यों का औचक निरीक्षण किया और श्रमिकों से रूबरू होकर उनकी समस्याएं सुनीं।

 *पाटड़ी नाड़ी खुदाई कार्य देखा* 

         जिला कलक्टर ने ग्रा.पं. मेंगलवा में पाटड़ी नाड़ी खुदाई कार्य का अवलोकन किया, श्रमिकों से रूबरू हुए और जॉब की नाप कार्य की स्थिति और साईट पर मास्क, सेनेटाईजेशन, छाया-पानी व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर संतोष प्रकट किया। सरपंच केराराम व श्रमिकों एवं ग्रामीणों से संपर्क समस्यायें सुनीं।

      विकास अधिकारी आवड़दान चारण ने जिला कलक्टर को कार्यों का अवलोकन कराया और व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी दी।

 *मांडवला सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का निरीक्षण* 

कोरोना सेम्पलिंग कार्य में तेजी लाने के निर्देश

       जिला कलक्टर ने ग्राम मांडवला राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का निरीक्षण कर केन्द्र प्रभारी डॉ. कर्ण को कोरोना में सैंपलिंग बढ़ाने और बाहर से आने वाले प्रवासियों के परिवारों में एक सदस्य की आवश्यक रूप से सैंपल लेने के स्पष्ट निर्देश दिये।

       उन्होंने उप स्वास्थ्य केन्द्रों पर प्रसवों की संख्या स्थिति, आई.पी.डी. एवं ओ.पी.डी. में जांच प्रक्रिया एवं रोगियों के स्वस्थ होने आदि कई बातों के बारे में जानकारी प्राप्त कर कमियों को दूर करने के निर्देश दिये। टीकाकरण कार्यक्रम संधारण का अवलोकन किया। इस दौरान गनमैन मदनसिंह साथ थे।

                  ---000---

 *आत्म निर्भर भारत योजना* 

 *राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना से वंचित प्रवासियों को* 

 *5 किलोग्राम प्रति यूनिट गेहूं निःशुल्क मिलेगा* 

जालोर 5 जून।  सरकार ऐसे प्रवासी जो राष्ट्रीय सुरक्षा योजना से वंचित हैं उन्हें 5 किलोग्राम प्रति यूनिट प्रति व्यक्ति के हिसाब से आत्मनिर्भर भारत योजना में गेहूं निःशुल्क उपलब्ध करायेगी। इसके लिए सर्वे प्रक्रिया संचालित है।

       खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के अनुसार मई व जून माह के लिए आत्म निर्भर भारत योजना में गेहूं वितरण की व्यवस्था की जा रही है। लाभार्थी दो माह का गेहूं प्रति व्यक्ति 10 किलो भी प्राप्त कर सकेंगे। गेहूं के साथ प्रत्येक परिवार को प्रतिमाह एक किलो चना भी निःशुल्क उपलब्ध कराया जायेगा।

        जिला कलक्टर हिमांशु गुप्ता ने समस्त उपखंड, विकास अधिकारियों एवं नगर परिषद एवं पालिकाओं के अधिकारियों को निर्देश दिये हैं कि वे अपने क्षेत्र में बी.एल.ओ. या पीईईओ को वितरण का मुख्य दायित्व सौंपते हुए निर्देश दिये गये हैं कि संबंधित ग्राम पंचायत के बूथ पर चिंहित प्रवासियों को बुलाकर सोशल डिस्टेसिंग की पालना करते हुए गेहूं व चना उपलब्ध करायें।  प्रवासी लाभार्थी खाद्यान्न प्राप्त करने के लिए अपना जन आधार, आधार कार्ड साथ लेकर आयें।

        जिला कलक्टर ने शहरी क्षेत्र में उपखंड अधिकारियों को खाद्यान्न वितरण हेतु वार्डवार कार्य योजना बनाकर कार्य करने के निर्देश दिये हैं।

---000---

 *आत्म निर्भर भारत योजना में* 

 *जिले में प्रवासियों हेतु निःशुल्क वितरण हेतु गेहूं का आवंटन* 

जालोर 5 जून। आत्म निर्भर भारत योजनान्तर्गत खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग द्वारा जालोर जिले के 2 लाख 77 हजार 152 प्रवासियों के लिए माह मई हेतु 1385.760 तथा जून के लिए 2771.520 मैट्रिक टन गेहूं निःशुल्क वितरण करने हेतु आवंटित किया गया है। 69 हजार 287 प्रवासी परिवारों हेतु माह मई हेतु 69.287 क्विं. तथा जून के लिए 138.574 मै. टन चना वितरण हेतु आवंटित किया गया है। 

         जिला कलक्टर ने जिला रसद अधिकारी लल्लूराम मीणा एवं समस्त उपखंड अधिकारियों, विकास अधिकारियों को संबंधित प्रवासी व्यक्तियों के परिवारों को गेहू वितरण व्यवस्था 15 जून तक सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किये हैं।

---000---

 *अब तक लिये 14010 सेम्पल में से 12559 नेगेटिव, 168 पॉजिटिव एवं 729 प्रक्रियाधीन* 

जालोर 5 जून। जिले मे कोरोना संक्रमण की रोकथाम हेतु जिला कलेक्टर हिमांशु गुप्ता के निर्देशन में चिकित्सा विभाग तत्परता से कार्य कर रहा है। विभाग द्वारा कोरोना संक्रमण की कड़ी को तोड़ने हेतु जिला, ब्लॉक स्तर एवं पीएचसी स्तर तक व्यापक प्रबंध किये गये हैं।

        मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. गजेन्द्र सिंह देवल ने बताया विभाग द्वारा कंटेनमेंट जोन में प्रत्येक घर के सदस्यों की गहनता से स्क्रीनिंग की जा रही है। जिले में होम अथवा संस्थागत क्वारेन्टाईन किये गये लोगों के स्वास्थ्य पर नियमित निगरानी रखी जा रही है। चिकित्सा विभाग द्वारा जिले में कोरोना संक्रमण की श्रृंखला को तोड़ने के हर संभव प्रयास किये जा रहे हैं।

          डॉ. देवल ने बताया कि संदेहास्पद व्यक्तियों एवं कोरोना संक्रमित लोगां के सम्पर्क में आये व्यक्तियों में से जिले में अब तक कुल 14010 सेम्पल लिये गये हैं, इनमें से 12559 की रिपोर्ट नेगेटिव प्राप्त हुई है। जिले में अब तक कुल 168 व्यक्ति कोरोना संक्रमण पॉजिटिव पाये गये है। 729  सैम्पल प्रक्रियाधीन हैं। 

564 टीमों द्वारा 28899 लोगों की हुई स्क्रीनिंग

       शुक्रवार को जिले में 564 टीमों द्वारा 10 हजार 302 घरों का सर्वे कर 28 हजार 899 से अधिक लोगों की स्क्रीनिंग की गई। जिले में कोरोना पॉजिटिव पाये गये क्षेत्रों में विभाग की टीमों द्वारा पुनः गहनता से स्क्रीनिंग कर संक्रमित व्यक्ति के सम्पर्क में आये लोगों को संस्थागत क्वारेंटाईन कर उनके सैम्पल जांच हेतु भिजवाये जा रहे हैं।  

         वर्तमान में 37 व्यक्तियों को संस्थागत क्वारेन्टाईन कर चिकित्सीय देखभाल में रखा गया है। जिले में अब तक 1109 लोगों को संस्थागत क्वारेन्टाईन किया गया था। जिनमें से 1072 व्यक्तियों के क्वारेन्टाईन दिवस पूर्ण होने तथा सेम्पल की रिपोर्ट नेगेटिव आने पर उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया है।

---000---

 *खरीफ फसली अल्पकालीन ऋण के वितरण में प्रगति नहीं पाये जाने पर कार्यवाही* 

जालोर 5 जून। केन्द्रीय सहकारी बैंक के अधिशाषी अधिकारी मोहम्मद हारूल बेलिम द्वारा खरीफ फसली अल्पकालीन ऋण के वितरण में लक्ष्यानुरूप प्रगति नहीं किये जाने एवं जिले में किसानों के रोष को देखते हुए इनके विरूद्ध कार्यवाही की गई है। इनका कार्य जिले में बैंक के अन्य अधिकारियों की तुलना में शिथिल रहा है।

---000---

 *साप्ताहिक समीक्षा बैठक सोमवार को* 

जालोर 5 जून। जिला कलक्टर 8 जून सोमवार को  प्रातः 11 बजे कलेक्ट्रेट के सभागार में जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेंगे।

       बैठक में मुख्य रूप से कोरोना (कोविड-19) रोकथाम प्रबंधन, जिले में पेयजल एवं विद्युत आपूर्ति, मनरेगा, विकास योजनाओं के क्रियान्वयन, स्थानीय निकाय कार्यों, सफाई व्यवस्था सहित अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा कर समीक्षा की जायेगी। आपदा प्रबन्धन प्राधिकरण की बैठक भी उक्त बैठक के साथ रहेगी

---000---

 *मोक्ष कलश स्पेशल बस शनिवार को जालोर से हरिद्वार के लिए रवाना होगी* 

जालोर 5 जून। राजस्थान परिवहन निगम जालेर आगार द्वारा जालोर जिले से शनिवार को जालोर-हरिद्वार-जालोर (मोक्ष कलश स्पेशल) बस का निःशुल्क संचालन किया जायेगा। जिसमें पंजीकृत कुल 40 यात्री निःशुल्क यात्रा करेंगे।

         रोडवेज जालोर के मुख्य प्रबंधक अशोक सांखला ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार राजस्थान-हरिद्वार-राजस्थान (मोक्ष कलश स्पेशल) रोडवेज बसों का संचालन 25 मई से शुरू किया गया है जिसके क्रम में शनिवार को जालोर केन्द्रीय बस स्टेण्ड जालोर से प्रातः   9.15 बजे हरिद्वार के लिए बस रवाना होगी। वापसी में उन्हीं यात्रियों को हरिद्वार से निःशुल्क लेकर आयेगी। 

---000---

 *विश्व पर्यावरण दिवस पर : घर में तुलसी व अश्वगंधा के पौधे लगायें* 

जालोर 5 जून। विश्व पर्यावरण दिवस पर सक्रिय समाजसेवी रेवत चौधरी ने चिकित्सा विभाग में काम करने वाले अधिकारियों, नर्सिंग स्टाफ को मेडिसिन प्लांट तोहफे के रूप में दिये।

       तुलसी व अश्वगंधा के पौधे आयुर्वेद चिकित्साधिकारी डॉ. श्री राम, डॉ. हेमन्त जैन, डॉ. नरेन्द्र राठौड़, डॉ. बनवारीलाल मावलिया, डॉ. खुशाल सुंदेशा, डॉ. अश्विनी रोहिला को दिये  गये।

      आयुर्वेद चिकित्साधिकारी डॉ. श्री राम ने शहरवासियों को अपने घरों में तुलसी व अश्वगंधा एवं गिलोय के पौधे लगाने का संदेश दिया है। यह दोनों  पौधे शरीर में रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने वाले हैं। इस अवसर पर जयवीर, भगवती भाटी, बाबूलाल मौजूद थे।

                  ---000---

 *स्काउट गाइड ने विश्व पर्यावरण दिवस मनाया : पक्षियों के लिए परिन्डे लगाये* 

जालोर 5 जून। राजस्थान राज्य भारत स्काउट गाइड जिला मुख्यालय जालोर द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस जिला मुख्यालय पर मनाया गया। इस अवसर पर पक्षियों के लिए परिन्डे लगाये गए एवं पौधों में पानी देकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। 

        सी.ओ.स्काउट एम.वर्मा ने कहा की वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना अति आवश्यक है। इसके लिए व्यक्ति के जन्म दिवस, शादी की सालगिरह एवं महापुरुषों की जयन्ती के अवसर पर एक-एक पौधा जरुर लगाकर उसकी देखभाल अवश्य करेंं। विद्यालय में संचालित नेशनल ग्रीन कोर ईको क्लब के माध्यम से मानसून प्रारम्भ होने पर स्काउट-गाइड व ईको क्लब सदस्यों द्वारा सघन पौधारोपण किया जायेगा। 

        इस अवसर पर मनोज दवे स्काउटर रा.उ.प्रा.वि. भागली पुरोहितान, अजय चौहान रोवर लीडर सुभाष ओपन रोवर क्रू जालोर, कानाराम चौहान, तेजाराम आदि उपस्थित थे।              

            ---000---

 *कृषि उपज खरीद* 

 *920.5 क्विंटल सरसों व 982.5 क्विंटल चना फसल की तुलाई* 

जालोर 5 जून। उप रजिस्ट्रार सहकारी समिति नारायण सिंह चारण से प्राप्त जानकारी के अनुसार कृषि उपज खरीद कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को जिले की 5 केवीएसएस तथा 41 जीएसएसएस खरीद केन्द्रों पर 73 किसानों से 920.5 क्विंटल सरसों तथा 54 किसानों से 982.5 क्विंटल चना फसल की तुलाई की गई।

             ---000---

 *स्टेट ओपन की पुस्तकों का वितरण 8 जून से* 

जालोर 5 जून। राजस्थान स्टेट ओपन की माध्यमिक-उच्च माध्यमिक परीक्षा-2020 हेतु पंजीकृत परीक्षार्थियों की पुस्तकों का वितरण 8  जून से प्रारंभ होगा।

        जालोर के संग्रहण केन्द्र प्रभारी एवं प्रधानाचार्य आनन्दसिंह राठौड़ एवं शांतिलाल दवे ने बताया कि शहरी विद्यालय तथा राउमावि आहोर रोड़ में पंजीकृत माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक परीक्षा 2020 के आवेदकों को पुस्तकों का वितरण 8 जून से प्रातः 8 से दोपहर 1 बजे तक किया जायेगा। संबंधित परीक्षार्थी परीक्षा प्रभारी अम्बिका प्रसाद तिवारी एवं राजु शेख से सम्पर्क कर आवेदन पत्र की रसीद दिखाकर विषयवार पुस्तकें सन्दर्भ केन्द्र से प्राप्त कर सकेंगे।

---000---
और नया पुराने

Column Right

Facebook