जिला कलक्टर ने भागली सिन्धलान ग्राम का औचक दौरा, उप स्वास्थ्य केन्द्र, ग्राम सेवा सहकारी समिति एवं राशन वितरण व्यवस्था का निरीक्षण


एक आईना भारत



जालोर 16 जुलाई। जिला कलक्टर हिमांशु गुप्ता ने गुरुवार को भागली सिन्धलान ग्राम का औचक दौरा कर उपस्वास्थ्य केन्द्र, ग्राम सेवा सहकारी समिति, ग्राम में राशन वितरण व्यवस्था का निरीक्षण किया।
          जिला कलक्टर ने जिले में उप स्वास्थ्य केन्द्र पर प्रति सप्ताह मातृ एवं शिशु कल्याण दिवस पर  आयोजित होने वाले टीकाकरण कार्यक्रम की व्यवस्थाओं का व्यापक निरीक्षण किया और वहां मौजूद ए.एन.एम. रेणु जांगिड़ से टीकाकरण कार्यक्रम के बारे में जानकारी ली, केन्द्र पर बच्चों के टीकाकरण की सूची व आरसीएच रजिस्टर का अवलोकन किया।
         उन्होंने विकास अधिकारी को उप स्वास्थ्य केन्द्र की मरम्मत, शौचालय एवं टांका निर्माण के निर्देश दिये साथ ही जिले के अन्य उप स्वास्थ्य केन्द्रों में जहां शौचालय नहीं हैं वहां पर शौचालय बनाने के लिए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जी.एस.देवल से कहा। बीसीएमओ डॉ. भजनलाल डूडी से गांव की जनसंख्या के बारे में जानकारी ली।
         जिला कलक्टर ने ग्रामवासियों से उनकी समस्यायें सुनीं, जिसमें ग्राम धानपुर में पानी और भादलपुरा में श्मशान नहीं होने एवं भागली प्याऊ से भागली तक की टूटी हुई सड़क को ठीक करवाने की बात सामने आई। जिला कलक्टर ने उक्त कार्यों को शीघ्र ही करवाने के निर्देश संबंधित विभाग के अधिकारियों को दिये।
         विकास अधिकारी भोपालसिंह जोधा ने बताया कि श्मशान की भूमि की स्वीकृति के लिए निर्देश दिये। उन्होंने बताया कि गोचर भूमि में 100 पौधें लगाये जायेंगे इसके लिए व्यवस्थायें कर ली गई हैं।
ग्राम सेवा सहकारी समिति का निरीक्षण
           जिला कलक्टर ने ग्राम सेवा सहकारी समिति का अवलोकन भी किया। उन्होंने प्रबंध निदेशक प्रशांत कल्ला से अल्पकालीन फसली ऋण, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की प्रगति की समीक्षा की। श्री कल्ला ने बताया कि अब तक 803 सदस्यों को 1.95 करोड़ रूपये का .ऋण वितरण किया जा चुका है और समस्त पात्र सदस्यों का प्रधानंत्री फसल बीमा योजना खरीफ-2020 के तहत बीमा पॉलिसियां जारी की गई हैं। 
           जिला कलक्टर ने प्रबंध निदेशक को ग्राम सेवा सहकारी समिति स्तर पर खाद, यूरिया एवं बीज की उपलब्धता सुचारू बनाये रखने के निर्देश दिए। 
         उन्होंने यहां राशन की दुकान का निरीक्षण कर सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत उपभोक्ताओं को वितरित की गई सामग्री के रेकॉर्ड का अवलोकन भी किया। ग्रामवासियों से महात्मा गांधी  नरेगा योजना के बारे में विस्तार से बातचीत की।
और नया पुराने