पाली ज़िले के वीरेन्द्र परिहार आईसीएआर अटारी में सदस्य मनोनीत
एक आईना भारत /अशोक राजपुरोहित
खरोकडा/ पाली जिले के खोड़ गांव के मूल निवासी वीरेन्द्र परिहार को भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद नई दिल्ली के जोधपुर स्थित अटारी संस्थान जोन द्वितीय की प्रचार-प्रसार एवं मीडिया समिति में मानद सदस्य मनोनीत किया गया है। कृषि तकनीकी अनुप्रयोग एवं अनुसंधान संस्थान जोधपुर जोन द्वितीय के निदेशक डॉ एस. के. सिंह ने एक परिपत्र जारी कर यह आदेश किये।
वीरेंद्र परिहार दूरदर्शन केंद्र जयपुर में गत 15 वर्षो से कृषि कार्यक्रमों एवं डीडी किसान के निर्माण एवं निर्देशन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा रहे हैं। परिहार को उत्कृष्ट कृषि पत्रकारिता एवं प्रसारण के लिए देश का सर्वोच्च चौधरी चरण सिंह राष्ट्रीय कृषि पत्रकारिता पुरस्कार प्राप्त हो चुका है । इन्हें पूर्व में भी कृषि जगत की उत्कृष्ट सेवा करने के लिए पहला डीडी किसान राष्ट्रीय सम्मान भी प्राप्त हुआ है। इसके अतिरिक्त इन्हें श्रीफल पत्रकारिता पुरस्कार, राजस्थान गौरव, हलधर रत्न, कर्णधार पुरस्कार, विवेकानंद गौरव पुरस्कार, राष्ट्रीय एकता सम्मान, मेहरानगढ़ पर्यावरण सम्मान, ग्लोबल मीडिया अवॉर्ड ,माणक अलंकरण, जवाहरलाल दर्डा पत्रकारिता पुरस्कार जैसे प्रतिष्ठित सम्मानों से सम्मानित किया गया है। परिहार ने कृषि विषयों पर हाल ही में "कृषि चिंतन" एवं "लॉकडाउन डायरी" नामक पुस्तक भी लिखी है।
कृषि विषयों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर श्री परिहार द्वारा लिखित 600 आलेख विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुए हैं। कृषि पत्रकारिता योगदान के लिए परिहार को श्री कर्ण नरेंद्र कृषि विश्वविद्यालय जोबनेर की प्रसार परिषद में भी मानद सदस्य मनोनीत किया गया है। अटारी संस्थान कृषि विज्ञान केंद्रों के प्रसार कार्य एवं उनके समन्वय एवं मॉनिटरिंग हेतु आईसीएआर की शीर्ष संस्था है।परिहार का इस संस्थान में सदस्य मनोनीत होना जिले के लिए गौरव का विषय है जिससे कृषि समुदाय में खुशी की लहर दौड़ गयी है।
Tags
khrokada