शहर से बॉर्डर तक शिवालयों में गूंजे महादेव के जयकारे दूध, जल अभिषेक कर श्रद्धालुओं ने मांगी मन्नतें, श्रद्धालुओं का उमड़ा सैलाब

 शहर से बॉर्डर तक शिवालयों में गूंजे महादेव के जयकारे

दूध, जल अभिषेक कर श्रद्धालुओं ने मांगी मन्नतें, श्रद्धालुओं का उमड़ा सैलाब


शि मंदिरों में सोमवती अमावस्या पर जलाभिषेक।

बाड़मेर - सावन के दूसरे सोमवार को बाड़मेर जिले भर के शिव मंदिरों में मेला लगा रहा। सोमवती अमावस्या व सावन सोमवार साथ होने पर मंदिर सुबह से शिव भोले के जयकारों से गूंजायमान हो गया। श्रद्धालुओं ने अलसुबह से भगवान शिव की आराधना करना शुरू की। उन्होंने दूध, जल, गन्ना रास, शहद सहित द्रव्यों से अभिषेक किया। महिलाओं व बालिकाओं ने सावन सोमवार का व्रत रखकर खुशहाली की कामना की। दिन में पूजा अर्जना के साथ मंदिरों में भजन कीर्तन भी हुए। बाड़मेर शहर के जसदेर धाम, सफेद आकड़ा, शिव मुंडी, सफलेश्वर महादेव मंदिर, पातालेश्वर महादेव मंदिर, लोकू बालाजी मंदिर, निम्बेश्वर महादेव, सूजेश्वर महादेव मंदिरों में मेले जैसा माहौल देखने को मिला।

जगह-जगह शिवलिंग पर अभिषेक करने के साथ की पूजा अर्जना।

मंदिरों में श्रद्धालुओं का सैलाब

सुबह से शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हुआ। मंदिरों में पूजा-अर्चना कर श्रद्धालुओं ने खुशहाली की कामना की। जसेदर धाम में दिनभर मेला जैसा माहौल रहा। वहीं सफेद आकड़ा में भी भक्तों की भीड़ रही। महिलाओं व युवतियों ने व्रत रखकर मन्नत मांगीं। विशेष पूजा व शिवलिंग पर जलाभिषेक व दूध चढ़ाने वाले भक्तों की कतारें लगी रहीं। पहाड़ पर स्थित शिवमुंडी में श्रद्धालु सुबह से शिव भगवान के दर्शन के लिए पहाड़ी पर सीढ़ियों से चढ़ते नजर आए। दोपहर होते-होते श्रद्धालुओं की संख्या में कमी देखने को मिली।

मंदिरों में गूंजे महादेव के जयकारे

सावन के दूसरे सोमवार शिवालयों में दिनभर हर-हर महादेव के जयकारे गूंजते रहे। इसी प्रकार सीमावर्ती क्षेत्र हरपालिया में स्थित हरपालेश्वर महादेव मंदिर में भी सावन के दूसरे सोमवार को भक्तों ने भगवान भोले का दर्शन-पूजन किया। शिवालयों में सुबह से ही हर हर महादेव का उद्घोष होता रहा।

पंडितों ने सोमवती अमावस्या पर की विशेष पूजा

ग्रामीण इलाकों के मंदिरों में श्रद्धालु ने मांगी मन्नते

बाड़मेर शहर से लेकर बॉर्डर तक शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं अभिषेक करने पहुंचे। उपखंड मुख्यालय सेड़वा के सीमावर्ती ग्राम पंचायत हरपालिया स्थित हरपालेश्वर महादेव मंदिर में सावन के दूसरे सोमवार को श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। मंदिर के पूजारी नारायणदास सिंधी ने बताया कि सुबह से भक्तों का हुजूम उमड़ पड़ा। श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक से पूजा अर्चना कर खुशहाली की कामना की। इसी तरह तहसील मुख्यालय धनाऊ में सोमेश्वर महादेव मंदिर में मेला भरा। पूजारी जगदीशगिरी ने बताया की पूरे दिन भक्तों का हुजूम उमड़ा। भोले के भक्त जलाभिषेक पूजा अर्चना कर खुशहाली की कामना की। उपखंड मुख्यालय स्थित कपालेश्वर महादेव मंदिर तथा सूईयां महादेव मंदिर पर जलाभिषेक कर भगवान शिव की आराधना की।

और नया पुराने