जालोर में खनन माफिया का दुस्साहस, अवैध खनन रोकने पहुंचे वनकर्मियों पर जानलेवा हमला
पाल नाका क्षेत्र में ट्रैक्टर चढ़ाने की कोशिश, 6 आरोपी नामजद
जालोर। जिले के करड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत सांतरू वन क्षेत्र के पाल नाका इलाके में बुधवार को खनन माफिया का आतंक देखने को मिला। अवैध खनन पर रोक लगाने पहुंचे वन विभाग के कार्मिकों पर खनन माफिया ने हमला कर दिया और दहशत फैलाने के लिए ट्रैक्टर चढ़ाने की कोशिश की। घटना को लेकर करड़ा पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार रानीवाड़ा रेंज के अधीन पाल नाका क्षेत्र में वनपाल नाका प्रभारी रामनारायण विश्नोई, वनरक्षक विकास विश्नोई, राकेश कुमार एवं ओमप्रकाश बुधवार सुबह करीब 11.45 बजे गश्त पर थे। इसी दौरान वन क्षेत्र से अवैध रूप से बाडू पत्थर से भरा ट्रैक्टर-ट्रॉली आता दिखाई दिया, जिसे टीम ने रोक लिया।
चालक ने बुलाए परिचित, मौके पर जुटी भीड़
ट्रैक्टर चालक ने अपना नाम नवाराम पुत्र पीथाराम देवासी, निवासी सांतरू बताया। पूछताछ के दौरान चालक ने फोन कर अपने परिचितों को मौके पर बुला लिया। कुछ ही देर में 15 से 20 लोग वहां पहुंच गए और वनकर्मियों के साथ मारपीट शुरू कर दी।
मारपीट, धक्का-मुक्की और ट्रैक्टर चढ़ाने का प्रयास
हमलावरों ने एक वनकर्मी का कॉलर पकड़कर नीचे गिरा दिया और धक्का-मुक्की की। इसके बाद जबरदस्ती ट्रैक्टर स्टार्ट कर आधे पत्थर मौके पर ही खाली कर दिए। हालात और बिगड़ते हुए हमलावरों ने दहशत फैलाने के उद्देश्य से वनकर्मियों पर ट्रैक्टर चढ़ाने का प्रयास भी किया। जान को खतरा देख वनकर्मियों को मौके से पीछे हटना पड़ा।
पुलिस को दी सूचना, जाब्ता मौके पर पहुंचा
घटना के बाद वनकर्मियों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद दांतवाड़ा से पुलिस जाब्ता मौके पर पहुंचा। करड़ा पुलिस थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
6 आरोपी नामजद, सख्त कार्रवाई का दावा
पुलिस ने इस मामले में नवाराम, बगदाराम, जामताराम, वचनाराम, गोवाराम एवं रमेश, सभी निवासी सांतरू को नामजद आरोपी बनाया है। पुलिस अधिकारियों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की बात कही है।
वीडियो भी आए सामने
घटना से जुड़े वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें एक युवक वनकर्मी के साथ खींचतान करता और कॉलर पकड़कर घसीटते हुए नजर आ रहा है। वहीं वीडियो बना रहे कार्मिकों के साथ गाली-गलौज करते हुए भी हमलावर दिखाई दे रहे हैं।