साध्वी प्रेम बाईसा का आज अंतिम संस्कार, परेऊ में दी जाएगी समाधि, बाजार बंद, पूरे गांव में शोक की लहर
जोधपुर : साध्वी प्रेम बाईसा का बुधवार को जोधपुर के निजी अस्पताल में निधन हो गया। उनका शव गुरुवार शाम पैतृक गांव परेऊ लाया गया। आज शिव शक्ति धाम में अंतिम संस्कार और समाधि की जाएगी। मौत संदिग्ध बताई जा रही है, पुलिस जांच कर रही है। प्रख्यात कथावाचक साध्वी प्रेम बाईसा की पार्थिव देह गुरुवार शाम जब उनके पैतृक गांव परेऊ पहुंची, तो पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। बुधवार को जोधपुर के एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान उनका निधन हो गया था। उनके अंतिम दर्शनों के लिए ग्रामीणों और अनुयायियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। साध्वी के सम्मान में परेऊ कस्बे के व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान स्वतः स्फूर्त बंद रखे, जिससे पूरे गांव में सन्नाटा पसर गया। जैसे ही शव वाहन शिव शक्ति धाम (साईयों की ढाणी) पहुंचा, माहौल गमगीन हो गया। अपनी बेटी की पार्थिव देह देख पिता विरमनाथ सुध-बुध खो बैठे और अचेत होकर गिर पड़े, जिन्हें स्थानीय लोगों ने संभाला।
आज दी जाएगी समाधि
पूर्व सरपंच पर्बत सिंह महेचा ने बताया कि शुक्रवार सुबह शिव शक्ति धाम आश्रम में साध्वी प्रेम बाईसा के अंतिम संस्कार और समाधि की प्रक्रिया संपन्न की जाएगी। मौके पर सरपंच बांकाराम सहित जिले के कई गणमान्य नागरिकों ने पहुंचकर शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया। बाल्यकाल से ही धर्म मार्ग पर चलने वाली साध्वी के निधन से न केवल गिड़ा क्षेत्र, बल्कि पूरे जिले के श्रद्धालु स्तब्ध हैं।
साध्वी प्रेम बाईसा की मृत्यु बनी रहस्य
कथावाचक साध्वी प्रेम बाईसा की संदिग्ध मौत दूसरे दिन भी एक पहेली बनी हुई है। जोधपुर के पाल क्षेत्र स्थित आरती नगर आश्रम में हुए इस घटनाक्रम ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस हत्या, आत्महत्या और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।