महेश नगर में अवैध शराब बिक्री को लेकर बवाल:
झड़प, तोड़फोड़ और आगजनी
जयपुर-महेश नगर थाना क्षेत्र में अवैध तरीके से शराब बेचने के आरोप को लेकर देर रात हंगामा खड़ा हो गया। जानकारी के अनुसार, रात 8 बजे दुकान बंद होने के बाद भी चोरी-छिपे शराब बेचने की बात सामने आई, जिस पर स्थानीय लोगों और दुकान से जुड़े लोगों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और मामला हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि दुकानकर्मियों की ओर से मारपीट किए जाने के बाद कॉलोनी के लोग भी उग्र हो गए।
गुस्साए लोगों ने दुकान के पास खड़े वाहनों को निशाना बनाते हुए तीन बाइक और एक स्कॉर्पियो में जमकर तोड़फोड़ कर दी। इतना ही नहीं, एक बाइक को आग के हवाले कर दिया गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को खदेड़कर हालात पर काबू पाया। पुलिस ने मौके से 12 से अधिक लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
घायल रामावतार सैनी के परिजनों का आरोप है कि दुकान बंद होने के बावजूद अंदर से छोटे सुराख के जरिए बाहर खड़े लोगों को शराब दी जा रही थी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, स्थिति अब नियंत्रण में है और क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया गया है।