अजमेर में दोस्ती का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म,
शादी का वादा कर बनाए संबंध; गर्भवती होने पर मारपीट का आरोप
अजमेर- में एक युवती से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता ने एक युवक पर दोस्ती कर धोखे से शारीरिक संबंध बनाने का आरोप लगाया है। शिकायत के अनुसार आरोपी ने खुद को अविवाहित बताकर शादी का झांसा दिया और बाद में उसके साथ मारपीट भी की।
पुलिस के मुताबिक, युवती की आरोपी से मुलाकात एक परिचित के जरिए हुई थी। इसके बाद आरोपी ने उससे दोस्ती की और उसे होटल ले जाकर नशे की हालत में दुष्कर्म किया। विरोध करने पर आरोपी ने शादी का भरोसा देकर उसे चुप करा दिया।
पीड़िता का आरोप है कि कुछ समय बाद उसे पता चला कि आरोपी पहले से शादीशुदा है। जब इस बारे में बात की गई तो आरोपी ने पत्नी को तलाक देने का आश्वासन दिया और संबंध बनाए रखे। इस दौरान युवती गर्भवती हो गई।
युवती ने यह भी आरोप लगाया कि गर्भवती होने के बाद आरोपी ने उसके साथ मारपीट की। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।