प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व दिवस पर विशेष शिविर आयोजित
गर्भवती महिलाओं की जांच कर दी गई स्वास्थ्य परामर्श व सोनोग्राफी कूपन
तखतगढ़, (उजीर सिलावट) । स्वास्थ्य विभाग की ओर से गुरुवार को जिले के विभिन्न चिकित्सालयों में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व दिवस मनाया गया, जिसमें गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य की व्यापक जांच की गई तथा उन्हें गर्भावस्था के दौरान बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी गई, साथ ही निशुल्क सोनोग्राफी के लिए कूपन भी वितरित किए गए। वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी प्रभारी डॉ सुरेश कुमार ने बताया कि गर्भावस्था व प्रसव के दौरान संभावित जोखिम को कम करने के उद्देश्य से प्रत्येक माह की 9, 18 व 27 तारीख को यह दिवस आयोजित किया जाता है, जिससे मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को बेहतर बनाया जा सके। चिकित्सा अधिकारी डॉ नीतू कुमारी (स्त्री रोग विशेषज्ञ) ने जानकारी देते हुए बताया कि इस दौरान गर्भवती महिलाओं की हिमोग्लोबिन, एचआईवी, सिफलिस, रक्तचाप, तापमान, हृदय स्पंदन सहित प्रसव से जुड़ी जटिलताओं की जांच की गई, तथा पीसीटीएस सॉफ्टवेयर में पंजीकृत गर्भवती महिलाओं की एलएमपी तिथि के अनुसार दूसरी एवं तीसरी तिमाही में आने वाली महिलाओं को मॉ वाउचर योजना के तहत निशुल्क सोनोग्राफी हेतु कूपन प्रदान किए गए।