जालोर में ग्रेनाइट स्लरी को लेकर बवाल: दो गुट आमने-सामने, पुलिस से भी हुई झड़प, थाने के बाहर प्रदर्शन

 जालोर में ग्रेनाइट स्लरी को लेकर बवाल

 दो गुट आमने-सामने, पुलिस से भी हुई झड़प, थाने के बाहर प्रदर्शन



जालोर (उजीर सिलावट)- जालोर के औद्योगिक क्षेत्र में ग्रेनाइट स्लरी उठाने को लेकर मंगलवार को बड़ा विवाद खड़ा हो गया। दो गुटों के बीच शुरू हुआ झगड़ा इतना बढ़ा कि मौके पर पहुंची पुलिस को भी विरोध का सामना करना पड़ा।

मामले के दौरान पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया, जिसके बाद गुस्साए लोगों ने थाने के बाहर बैठकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।


पर्ची और वसूली को लेकर विवाद

जानकारी के अनुसार, औद्योगिक क्षेत्र के तृतीय चरण में स्लरी उठाने के दौरान पर्ची काटने और तय राशि लेने को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। देखते ही देखते मामला तकरार से विवाद में बदल गया।




पुलिस पर लगे आरोप, वीडियो भी वायरल

मौके पर मौजूद लोगों और पुलिस के बीच तीखी बहस हुई। इस दौरान एक युवक का वीडियो सामने आया, जिसमें वह पुलिस पर पैसे लेने के आरोप लगाता नजर आया। इसके बाद पुलिस ने युवक को पकड़कर थाने पहुंचाया।


थाने के बाहर धरना, छोड़ने की मांग

युवक को हिरासत में लेने के विरोध में बड़ी संख्या में ग्रेनाइट कारोबारी और स्लरी व्यवसाय से जुड़े लोग थाने पहुंच गए। एक पक्ष ने थाने के मुख्य गेट पर बैठकर प्रदर्शन किया और युवक को छोड़ने की मांग की।




समझाइश के बाद मामला शांत

काफी देर तक चले हंगामे और बहस के बाद पुलिस और प्रशासन की समझाइश से मामला शांत हुआ और स्थिति नियंत्रण में आ गई।


क्या है स्लरी विवाद की जड़?

पहले ग्रेनाइट स्लरी जालोर की बड़ी समस्या मानी जाती थी, लेकिन पिछले करीब 7 वर्षों से इसका उपयोग सिरेमिक टाइल्स में होने लगा है। यहां से स्लरी ट्रक और ट्रेलर के जरिए मोरबी भेजी जाती है।

स्लरी उठाने के दौरान पर्ची सिस्टम और तय शुल्क को लेकर लगातार विरोध होता रहा है, जो अब बार-बार विवाद का कारण बन रहा है।

और नया पुराने

Column Right

Facebook