धींगा गवर मेला आज:
परंपरा के रंग में रंगेगा जोधपुर, सुरक्षा के सख्त इंतजाम
धींगा गवर मेला आज 5 अप्रैल को जोधपुर में पूरे उत्साह और परंपरागत अंदाज में मनाया जाएगा। इस खास मौके पर शहर का भीतरी इलाका रातभर जागता नजर आएगा, जहां महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में गवर माता के दर्शन करने निकलेंगी।
मेले को लेकर प्रशासन ने इस बार सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। बाहरी लोगों और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए प्रमुख एंट्री पॉइंट्स पर पुलिस नाके लगाए गए हैं। आने-जाने वालों की पहचान पत्र (ID) भी जांचे जाएंगे। साथ ही, ड्रोन और CCTV कैमरों के जरिए पूरे इलाके की निगरानी की जाएगी।
यह मेला खासतौर पर महिलाओं की भागीदारी के लिए जाना जाता है। रात 12 बजे के बाद महिलाएं समूह में अलग-अलग मोहल्लों में जाकर गवर माता के दर्शन करती हैं और पारंपरिक स्वांग रचती हैं। हाथ में छड़ी लेकर चलने की परंपरा भी इस मेले की विशेष पहचान है। मान्यता है कि इस छड़ी से स्पर्श होने पर युवकों के विवाह जल्दी होते हैं।
भीतरी शहर के कई प्रमुख स्थानों—जैसे पुष्टिकर स्कूल, हनुमान चौक, हाथी चौक, मोती चौक, नव चौकिया और अन्य इलाकों में विशेष आयोजन होंगे। इस दौरान नई दुल्हनों में भी खास उत्साह देखा जा रहा है, वहीं कई स्थानों पर महिलाओं के सम्मान कार्यक्रम भी रखे गए हैं।
पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे इस सांस्कृतिक आयोजन को शांतिपूर्ण और आनंदमय तरीके से मनाएं। बीते वर्षों में कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा माहौल बिगाड़ने की कोशिशों को देखते हुए इस बार सख्ती बढ़ाई गई है। प्रशासन ने साफ किया है कि किसी भी तरह की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी।