आहोर के पास सड़क हादसा:
जानवर से बचने के प्रयास में बाइक फिसली, दो गंभीर घायल
आहोर। क्षेत्र में गुरुवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जिसमें बाइक सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा कम्बा और मीठड़ी के बीच रात करीब 9 बजे हुआ।
जानकारी के अनुसार, मीठड़ी निवासी वचनाराम (60) और सुरेश कुमार देवासी (25) बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में अचानक एक जानवर सड़क पर आ गया। उसे बचाने के प्रयास में बाइक चालक संतुलन खो बैठा और बाइक फिसल गई।
हादसा इतना गंभीर था कि दोनों सवार सड़क पर गिरकर बुरी तरह घायल हो गए। आसपास के लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर मदद की और एम्बुलेंस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही 108 एम्बुलेंस चालक शांतिलाल मीणा मौके पर पहुंचे और घायलों को तुरंत आहोर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टर पूरणमल मुणोत ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण दोनों को आगे के इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।
घटना के बाद क्षेत्र में सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता जताई जा रही है, खासकर रात के समय सड़कों पर आवारा पशुओं की बढ़ती समस्या को लेकर स्थानीय लोगों ने प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है।