आहोर: दो कारों की आमने-सामने भिड़ंत,
2 की मौत, 8 घायल
जालोर जिले के आहोर क्षेत्र में नेशनल हाईवे-325 पर बुधवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। बेदाना गांव के पास हुई इस टक्कर में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आठ लोग घायल हो गए।
दोपहर करीब 3:45 बजे हुए इस हादसे में दो कारें आमने-सामने भिड़ गईं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों गाड़ियों के बोनट पूरी तरह पिचक गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
ओवरटेक के दौरान हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार, गुजरात नंबर की KIA Carens आहोर से तखतगढ़ की ओर जा रही थी। वहीं Honda BR-V में सवार लोग तखतगढ़ से शिवगंज (सिरोही) शोक सभा में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान ओवरटेक करने के प्रयास में दोनों गाड़ियां आमने-सामने टकरा गईं।
दो लोगों की दर्दनाक मौत
हादसे में रामसीन निवासी वस्तीमल रावल और सायला निवासी श्याम रावल (56) की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई।
8 घायल, कई की हालत गंभीर
हादसे में कुल 8 लोग घायल हुए हैं, जिनमें दिलावर (38), भबूत सिंह (73), कविता (40), भरत सिंह (70), मोहनलाल (59), विमला देवी (55), मुगी देवी और हरीश (45) शामिल हैं।
घायलों को तुरंत एम्बुलेंस से तखतगढ़ अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से 7 घायलों को सुमेरपुर के महावीर हॉस्पिटल और एक को संजीवनी अस्पताल रेफर किया गया।
राहगीरों ने किया रेस्क्यू
हादसे के बाद हाईवे से गुजर रहे लोगों ने अपनी गाड़ियां रोककर घायलों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। तत्परता से राहत कार्य शुरू किया गया।एयरबैग्स ने बचाई जान
KIA Carens में एयरबैग खुलने से उसमें सवार लोगों की जान बच गई। वहीं Honda BR-V में अधिक संख्या में सवार होने के कारण ज्यादा नुकसान हुआ।