जयपुर/कोटा। राजस्थान में लो प्रेशर एरिया के असर और ट्रफ लाइन निकलने के कारण भारी बारिश का सिलसिला ल रहा है। मौसम विभाग ने रविवार को 16 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। बीते 24 घंटों में सर्वाधिक बारिश प्रदेश के दौसा जिले के महवा में 75 एमएम दर्ज की गई। वहीं कोटा 49 एमएम बारिश हुई।
इधर, चम्बल नदी के ऊपरी क्षेत्र में शनिवार को अच्छी बारिश होने से दोपहर बाद कोटा बैराज में पानी की आवक शुरू हो गई। इसके चलते बैराज के दो गेट खोलकर 5022 क्यूसेक पानी की निकासी की जा रही है। बैराज का शाम पांच बजे जल स्तर 851.77 था। जवाहर सागर, राणा प्रताप सागर और गांधी सागर बांध में पानी की आवक नगण्य है।
तीन दिन बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने बताया कि छत्तीसगढ़ व आसपास लगने वाले मध्य प्रदेश के ऊपरी इलाके में कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। मानसून सामान्य स्थिति में तथा सक्रिय है। इस परिस्थिति में 30 और 31 अगस्त को पूर्वी राजस्थान में बारिश होने की चेतावनी जारी की गई है।
इन जिलों में आज बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार अजमेर, बांसवाड़ा, भीलवाड़ा, चित्तौडगढ़, डूंगरपुर, दौसा, राजसमंद, सीकर, सिरोही, टोंक, बाड़मेर, पाली, नागौर, जालौर जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
बीसलपुर बांध में आया आठ सेमी पानी
राजमहल. बीसलपुर बांध के करीबी क्षेत्र में शनिवार अल सुबह हुई झमाझम बारिश के चलते बांध में बीते 24 घंटों के दौरान आठ सेमी पानी की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई है। बांध के कन्ट्रोल रूम के अनुसार बांध से जलार्पूित के दौरान हो रही निकासी के बाद बांध में आठ सेमी पानी की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई है।
यह आवक बांध के करीबी क्षेत्र में हो रही बारिश के चलते खारी व डाई नदियों सहित पहाड़ी क्षेत्र से आए पानी से हुई है। बनास नदी के कैचमेंट एरिया में बारिश का अभाव होने से अभी तक बनास में पानी की आवक नगण्य है।
बांध का गेज शुक्रवार सुबह 313.04 आर एल मीटर दर्ज किया गया था, जिसमें 22.509 टीएमसी पानी का भराव था, जो शनिवार शाम तक आठसेमी की बढ़ोत्तरी के साथ बांध का गेज 313.12 आर एल मीटर हो गया है, जिसमें 22.772 टीएमसी पानी का कुल भराव हो गया है।
