मासिक सत्संग कार्यक्रम में अनंत चतुर्दशी पर्व मनाया
अनंत चतुर्दशी व्रत का पालन करने से मनुष्य के सभी कष्टों का निवारण-देवी ममता
अनन्त चतुर्दशी पर्व पर गोभक्तों ने किया दान-पुण्य
मरुधर आईना / नागौर
नागौर। गो चिकित्सालय में भादवा के पावन माह में चल रहे महामण्डलेश्वर स्वामी कुशालगिरी महाराज के सानिध्य में मासिक सत्संग कार्यक्रम के दौरान अनंत चतुर्दशी पर्व भगवान विष्णु के अनंत स्वरूप का पूजन कर धूमधाम से मनाया गया।
गो चिकित्सालय के व्यवस्थापक श्रवणराम बिश्नोई ने बताया कि प्रसिद्ध कथा वाचिका देवी ममता के सानिध्य में सैंकड़ो भक्तों की उपस्थिति में अनंत चतुर्दशी पर भगवान विष्णु के चित्रपट्ट पर पुष्पमाला व पुष्प अर्पित कर मंत्रोच्चारण के साथ विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई।
इस दौरान देवी ममता ने बताया कि अनन्त चतुर्दशी के दिन सच्चे मन से विष्णु सहस्त्रनाम स्तोत्र का पाठ करने से धन-धान्य, उन्नति-प्रगति, खुशहाली और संतान का सौभाग्य प्राप्त होता है।
साथ ही बताया कि अनंत चतुर्दशी के दिन भगवान विष्णु ने सृष्टि की रचना के लिए 14 लोको का निर्माण किया था। ये 14 लोक , अतल, वितल, सुतल, तलातल, रसातल, महातल, पातला, भू, भवः, जन, तप, सत्य, मह, स्व थे। इसलिए इन सभी लोकों की रक्षा करने के लिए भगवान विष्णु ने अनंत रूप धारण किया था। ऐसा होने की वजह से भगवान अनंत रूप में नजर आने लगे थे।
अनंत चतुर्दशी का विधि विधान से व्रत करने से मनुष्य के सभी कष्टों का निवारण होता है। इस दिन व्रत करने वाले व्यक्ति को विष्णु सहस्त्रनाम मंत्र का जप करना चाहिए। ऐसा करने वाले व्यक्ति की मनोकामनाएं पूरी होती है। इस व्रत की सबसे पहले शुरूआत महाभारत काल में हुई थी।
मासिक सत्संग कार्यक्रम में चूरू के गायक कलाकार फूलचन्द एण्ड पार्टी द्वारा सुन्दर भजनों की प्रस्तुतियों देकर श्रद्धालुओं का मान-सम्मान किया।
साथ ही अनंत चतुर्दशी पर्व पर बड़ौदा (गुजरात) से शिवलाल गोयल, अंकित गोयल ने गोहितार्थ 2 लाख 11 हजार रूपये भेंट किये, इसी दौरान अनेक गोभक्तों ने पीड़ित गोवंश हितार्थ गोदान किया।
Tags
nagour