घर में घुसकर बदमाशों ने की तोड़फोड़, बाड़ में लगाई आग
10-12 युवकों का फिल्मी अंदाज में हमला, महिलाएं रहीं दहशत में; पुरानी रंजिश बताई जा रही वजह
जालोर (करड़ा/खारा गांव)।
जालोर जिले के करड़ा थाना क्षेत्र के खारा गांव में शुक्रवार शाम पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दो कारों में सवार होकर पहुंचे 10 से 12 युवकों ने एक घर पर धावा बोलते हुए जमकर उत्पात मचाया। घटना के समय घर में केवल महिलाएं मौजूद थीं। बदमाशों ने घर में घुसकर खड़ी कार और बाइक में तोड़फोड़ की तथा बाहर बाड़ में आग लगा दी। करीब 10 मिनट तक चले इस घटनाक्रम के दौरान महिलाएं दहशत में रोती रहीं।
घटना शुक्रवार शाम करीब 5 बजे की बताई जा रही है। हालांकि इस मामले के वीडियो रविवार को सामने आए हैं, जिनमें आरोपी दबंगई दिखाते और धमकी देते नजर आ रहे हैं।
नामजद आरोपियों पर मामला दर्ज, तलाश जारी
पीड़िता लाछीदेवी ने करड़ा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट के अनुसार भरत खिलेरी, सुनील उर्फ सोनू पालड़िया, राकेश, गोविंद खिलेरी, सुरेश हिराणा, अशोक समेत अन्य युवक दो कारों में सवार होकर आए और फिल्मी अंदाज में तोड़फोड़ कर फरार हो गए। सभी आरोपी झाब थाना क्षेत्र के हेमागुड़ा स्थित डीएस ढाणी के बताए जा रहे हैं।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश देना शुरू कर दिया है।
सामाजिक बंधन से जुड़ा विवाद बना वजह
जानकारी के अनुसार, लाछीदेवी की पुत्री की शादी करीब पांच वर्ष पूर्व झाव थाना क्षेत्र के हेमागुड़ा स्थित डीएस ढाणी निवासी रोशन नामक युवक से हुई थी। शादी के बाद पति-पत्नी के बीच विवाद गहराता गया और रिश्तों में दूरी बढ़ती गई।
करीब एक माह पूर्व विवाहिता ने पति रोशन के साथ रहने से इनकार कर दिया था। न्यायालय ने महिला को सुरक्षा प्रदान करते हुए लिव-इन के दौरान पुलिस सुरक्षा के निर्देश दिए थे।
बताया जा रहा है कि वैवाहिक जीवन में चल रहे विवाद और विवाहिता के अन्य युवक के साथ रहने की बात को लेकर आरोपी पक्ष में नाराजगी थी। इसी आक्रोश में आरोपी खारा गांव पहुंचे और हमला कर दिया।
ग्रामीणों के पहुंचने से पहले हुए फरार
शुक्रवार शाम अचानक हुई इस घटना से गांव में अफरा-तफरी मच गई। महिलाओं के शोर मचाने पर आसपास की ढाणियों से ग्रामीण मौके की ओर दौड़े, लेकिन तब तक आरोपी कारों में सवार होकर फरार हो चुके थे।
पुलिस का बयान
करड़ा थानाधिकारी शिवराजसिंह भाटी ने बताया कि हेमागुड़ा डीएस ढाणी से दो गाड़ियों में सवार होकर 10 से 12 युवक खारा गांव पहुंचे और तोड़फोड़ की। प्रारंभिक जांच में मामला पुरानी पारिवारिक रंजिश का सामने आया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।