ऑपरेशन गुप्त व प्रहार के तहत पुलिस थाना तखतगढ़ की बड़ी कार्यवाही
गौरव पथ रोड स्थित बंद मकान में हुई नकबजनी का पर्दाफाश, दो शातिर नकबजन गिरफ्तार
सोहनसिंह रावणा - तखतगढ़ कस्बे में गौरव पथ रोड स्थित एक बंद मकान में अज्ञात चोरों द्वारा की गई नकबजनी की घटना का पुलिस थाना तखतगढ़ ने सफलतापूर्वक पर्दाफाश किया है। ऑपरेशन गुप्त व प्रहार के अंतर्गत की गई इस कार्रवाई में दो शातिर नकबजनों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस थाना तखतगढ़ के थानाधिकारी शैतानसिंह ने बताया कि दिनांक 22-23 जनवरी 2026 की रात्रि में तखतगढ़ के गौरव पथ रोड स्थित बंद मकान में नकबजनी की घटना घटित हुई। जिले में बढ़ रही चोरी की वारदातों की गंभीरता को देखते हुए तथा अज्ञात आरोपियों की धरपकड़ के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बाली चैनसिंह महेचा के मार्गदर्शन में तथा पुलिस उपाधीक्षक सुमेरपुर जितेन्द्रसिंह के पर्यवेक्षण में विशेष टीम का गठन किया गया। थानाधिकारी शैतानसिंह के नेतृत्व में पदमाराम, उमरदीन खान, श्रवण कुमार जाखड़, सांवलाराम सैन, भजनलाल तथा प्रवीण कुमार को शामिल किया गया। डीसीआरबी पाली से शैलेन्द्र भाटी, जोगेन्द्र सिंह तथा अमरेशपुरी ने भी विशेष सहयोग प्रदान किया। प्रार्थी भरत प्रजापति पुत्र पारसमल, निवासी तखतगढ़, तहसील सुमेरपुर, जिला पाली ने रिपोर्ट प्रस्तुत कर बताया कि दिनांक 22 जनवरी 2026 की रात्रि में अज्ञात चोरों ने उनके गौरव पथ रोड स्थित मकान के मुख्य द्वार का ताला तोड़कर जेवरात एवं नकदी चोरी कर ली। इस संबंध में प्रकरण संख्या 13 दिनांक 26 जनवरी 2026 को धारा 331(4), 305(क) भारतीय न्याय संहिता 2023 के अंतर्गत दर्ज कर अनुसंधान पदमाराम को सौंपा गया। गठित टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया, मुखबिर तंत्र सक्रिय किया तथा पारंपरिक एवं तकनीकी पुलिस पद्धतियों का उपयोग करते हुए पूर्व में चालानशुदा आरोपियों को चिन्हित किया। साक्ष्यों के आधार पर वांछित आरोपियों को दस्तयाब कर पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने नकबजनी की वारदात स्वीकार की। तत्पश्चात दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों से चोरी गया माल बरामद करने के प्रयास जारी हैं तथा अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
मुलजिम
सुरेन्द्र उर्फ सकाराम पुत्र मोडाराम, उम्र 31 वर्ष, निवासी जागनी खेड़ा, थाना नौसरा, जिला जालौर
पुखराज उर्फ करण परमार पुत्र टेकाराम, उम्र 38 वर्ष, निवासी महावीर बस्ती तखतगढ़, थाना तखतगढ़, जिला पाली
आमजन से अपील
पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि ऑपरेशन गुप्त व प्रहार को सफल बनाने हेतु अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, परिवहन, क्रय-विक्रय तथा वांछित अपराधियों की सूचना बिना किसी भय या संकोच के व्हाट्सएप नंबर 9251255006 पर उपलब्ध कराएं। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी। उक्त व्हाट्सएप नंबर की निगरानी पुलिस अधीक्षक कार्यालय स्तर पर की जाएगी।