जीरो डोज एवं नियमित टीकाकरण को लेकर धर्मगुरुओं व प्रभावशाली व्यक्तियों के साथ कार्यशाला आयोजित

जीरो डोज एवं नियमित टीकाकरण को लेकर धर्मगुरुओं व प्रभावशाली व्यक्तियों के साथ कार्यशाला आयोजित 

जालौर, 18 फरवरी। 

चिकित्सा विभाग द्वारा बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं को गंभीर बीमारियों से बचाने के लिए नियमित टीकाकरण एवं जीरो डोज टीकाकरण को सशक्त बनाने के उद्देश्य से बुधवार को सायला खंड के धर्मगुरुओं एवं प्रभावशाली व्यक्तियों के साथ अभिमुखीकरण कार्यशाला का आयोजन तहसीलदार श्रीमती लक्ष्मी चौधरी एवं जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजकुमार बाजिया की अध्यक्षता तथा खंड मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी सायला डॉ. रघुनन्दन विश्नोई के निर्देशन में किया गया। कार्यशाला चिकित्सा विभाग एवं दिशा-

आरसीडीएसएसएस/यूनिसेफ टीम के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य उन बच्चों तक टीकाकरण की सुविधा पहुंचाना था, जो विभिन्न कारणों से अब तक एक भी टीका नहीं लगवा पाए हैं, जिन्हें ‘जीरो डोज’ बच्चे कहा जाता है। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों को मिनी प्लांट भेंट कर स्वागत के साथ की गई, जिससे पर्यावरण संरक्षण एवं स्वस्थ जीवन का संदेश दिया गया। इसके पश्चात नियमित टीकाकरण कार्यक्रम की आवश्यकता, ममता दिवस के माध्यम से टीकाकरण, जीरो डोज बच्चों की पहचान तथा क्षेत्र में आ रही चुनौतियों पर पीपीटी एवं वीडियो प्रस्तुति के माध्यम से खंड समन्वयक लक्ष्मण गुजर द्वारा विस्तृत जानकारी दी गई। प्रस्तुति में बताया गया कि प्रवासी परिवारों, दूरस्थ ढाणियों, कच्ची बस्तियों एवं ईंट-भट्टों जैसे क्षेत्रों में रहने वाले कई बच्चे टीकाकरण से वंचित रह जाते हैं। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि टीकाकरण के बाद हल्का बुखार या सूजन सामान्य प्रक्रिया है और इससे घबराने की आवश्यकता नहीं है। डॉ. सुनील कुमार सोलंकी ने उपस्थित प्रभावशाली व्यक्तियों से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में टीकाकरण को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर करें, स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं का सहयोग करें तथा समुदाय को ममता दिवस पर बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण कराने के लिए प्रेरित करें। कार्यशाला में तहसीलदार लक्ष्मी चौधरी, डॉ. बाजिया एवं मौलाना साहब ने टीकाकरण के महत्त्व पर अपने अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने अपने संबोधन में बताया कि टीकाकरण केवल स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। यदि प्रशासन, समाज एवं प्रभावशाली व्यक्ति मिलकर कार्य करें तो कोई भी बच्चा टीकाकरण से वंचित नहीं रहेगा। कार्यक्रम के अंत में टीकाकरण अभियान में उत्कृष्ट सहयोग देने वाले प्रभावशाली व्यक्तियों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही सभी प्रतिभागियों ने संकल्प लिया कि ब्लॉक सायला में कोई भी बच्चा नियमित टीकाकरण एवं जीरो डोज टीकाकरण से वंचित नहीं रहेगा। कार्यक्रम में मंच संचालन सीएचओ चैन सिंह राजपुरोहित एवं बीएनओ रमेश कुमार डांगी द्वारा किया गया। इस दौरान डब्ल्यूएचओ खंड समन्वयक किशनाराम, विभागीय अधिकारी कर्मचारी समेत कई जन मौजूद रहे

और नया पुराने

Column Right

Facebook