संघवी केसरी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में वार्षिकोत्सव का भव्य आयोजन

संघवी केसरी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में वार्षिकोत्सव का भव्य आयोजन

पुरस्कार वितरण, भामाशाह सम्मान व पूर्व विद्यार्थी सम्मेलन में उमड़ा जनसमूह

तखतगढ़।
स्थानीय संघवी केसरी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय तखतगढ़ में मंगलवार, 4 फरवरी 2026 को सत्र 2025-26 का वार्षिकोत्सव एवं पुरस्कार वितरण समारोह, भामाशाह सम्मान तथा पूर्व विद्यार्थी सम्मेलन का भव्य आयोजन हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, अभिभावकों, पूर्व छात्रों एवं नगर के गणमान्य नागरिकों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।

समारोह के मुख्य अतिथि नगर पालिका तखतगढ़ के उपाध्यक्ष मनोज नामा रहे, जबकि अध्यक्षता सुमेरपुर सीबीईओ जीवाराम कुमावत ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर पालिका तखतगढ़ के नेता प्रतिपक्ष अनराज मेवाड़ा तथा पुलिस थाना तखतगढ़ के सीआई शैतान सिंह मंचासीन रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा सरस्वती माता के चित्र पर दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ किया गया। विद्यालय परिवार द्वारा अतिथियों का पारंपरिक रूप से साफा पहनाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया गया।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य गजेंद्र सिंह तंवर ने सत्र 2025-26 की शैक्षणिक, सहशैक्षणिक एवं खेल गतिविधियों पर आधारित वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने विद्यार्थियों की उपलब्धियों, परीक्षा परिणामों, नवाचार गतिविधियों तथा विद्यालय विकास कार्यों की जानकारी दी।

समारोह के दौरान कक्षा बारहवीं के विद्यार्थियों का विदाई समारोह भी आयोजित किया गया, जिसमें कनिष्ठ विद्यार्थियों द्वारा वरिष्ठ छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियाँ दीं, जिनमें लोक नृत्य, समूह गीत, देशभक्ति आधारित नाट्य एवं एकल प्रस्तुतियाँ शामिल रहीं। प्रस्तुतियों को दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से सराहा।

सत्र 2025-26 में शैक्षणिक, खेल, सांस्कृतिक एवं अनुशासनात्मक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। वहीं गत वर्ष प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को मोमेंटो प्रदान कर विशेष सम्मान किया गया।

कार्यक्रम में विद्यालय के विकास में सहयोग करने वाले भामाशाहों का सम्मान भी किया गया। साथ ही आयोजित पूर्व विद्यार्थी सम्मेलन में पूर्व छात्रों ने विद्यालय से जुड़े अपने अनुभव साझा करते हुए वर्तमान विद्यार्थियों को मार्गदर्शन प्रदान किया।

अपने संबोधन में मुख्य अतिथि मनोज नामा ने विद्यार्थियों को अनुशासन, परिश्रम और संस्कारों के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। अध्यक्षीय उद्बोधन में सीबीईओ जीवाराम कुमावत ने विद्यालय परिवार के प्रयासों की सराहना करते हुए शिक्षा की गुणवत्ता सुधार पर जोर दिया। विशिष्ट अतिथियों ने भी विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारण एवं सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।

समारोह का समापन आभार प्रदर्शन एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय स्टाफ, छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

और नया पुराने

Column Right

Facebook