उप तहसीलदार जितेन्द्र बबेरवाल ने जनजाति बालिका आश्रम का किया आकस्मिक निरीक्षण

उप तहसीलदार जितेन्द्र बबेरवाल ने जनजाति बालिका आश्रम का किया आकस्मिक निरीक्षण

छात्रावास, भोजन व्यवस्था एवं मतदान केन्द्रों का लिया जायजा

रिपोर्ट : सोहनसिंह रावणा
तखतगढ़।

उप तहसीलदार जितेन्द्र बबेरवाल ने शनिवार को समीपवर्ती ग्राम नोवी स्थित राजकीय जनजाति बालिका आश्रम छात्रावास का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने छात्रावास की व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन करते हुए बालिकाओं को उपलब्ध सुविधाओं की स्थिति जानी।

निरीक्षण के समय छात्रावास अधीक्षिका रेणु कुमारी ने उप तहसीलदार को भवन की स्थिति, आवासीय कमरों, पेयजल, स्वच्छता एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं के संबंध में जानकारी दी। उप तहसीलदार ने छात्रावास के कमरों में जाकर बालिकाओं के ठहराव की व्यवस्था, साफ-सफाई तथा सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

इसके साथ ही मैस का निरीक्षण कर भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं सप्ताहभर की भोजन सूची के बारे में जानकारी ली। उप तहसीलदार ने छात्राओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं, पढ़ाई, भोजन एवं अन्य सुविधाओं को लेकर फीडबैक भी लिया। उन्होंने बालिकाओं को किसी भी समस्या की स्थिति में तुरंत प्रशासन को अवगत कराने के लिए प्रेरित किया।

निरीक्षण के दौरान उप तहसीलदार बबेरवाल ने छात्रावास अधीक्षिका को व्यवस्थाओं को और अधिक सुव्यवस्थित रखने, स्वच्छता बनाए रखने तथा बालिकाओं की सुविधाओं में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।

इसके पश्चात उप तहसीलदार जितेन्द्र बबेरवाल ने ग्राम नोवी एवं बांकली स्थित मतदान केन्द्रों का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मतदान केन्द्रों पर उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं, पहुंच मार्ग, बिजली, पेयजल एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि आगामी चुनावों को देखते हुए सभी व्यवस्थाएं समय रहते दुरुस्त की जाएं, ताकि मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

निरीक्षण को लेकर स्थानीय स्तर पर प्रशासनिक सक्रियता की सराहना की गई।

और नया पुराने

Column Right

Facebook