मेवाड़ के कृष्ण धाम श्रीसांवलिया जी में पांच चरणों में आज गिनती पूरी हुई। होली के कारण डेढ़ महीने बाद भंडार खोला गया। इस बार भगवान श्री सांवरा सेठ पर भक्तों ने रुपयों की बंपर बारिश की। गुरुवार को की गई अंतिम गणना में 43 लाख 22 हजार 471 रुपए की गिनती हुई है। साथ ही सोने-चांदी का भी वजन किया गया।
श्रीसांवलिया जी मंदिर मंडल सदस्य संजय मंडोवरा ने बताया कि पांच चरणों में गिनती आज पूरी हुई है। 24 मार्च को हुई गिनती में 43 लाख 22 हजार 471 रुपयों की गिनती हुई है। इसी के साथ कुल दान राशि 9 करोड़ 54 लाख 23 हजार 471 रुपए हो चुकी है। इसके अलावा भेंट कक्ष से 95 लाख सात हजार 919 रुपए मिले थे।
पांच चरणों में हुई गिनती
सदस्य संजय मंडोवरा ने बताया कि मंदिर मंडल अध्यक्ष भैरूलाल गुर्जर, सदस्य भैरूलाल सोनी, अशोक शर्मा, प्रशासनिक अधिकारी कैलाश चंद्र दाधीच की मौजूदगी में गुरूवार को आखरी गणना की गई। 17 मार्च को भंडार खोला गया था। उस दिन की गिनती के बाद होली के कारण गेप दिया गया। फिर 21, 22, 23 और 24 मार्च को गिनती की गई। सोने चांदी का भी वजन गुरुवार को किया गया। जिसमें भंडार से 987 ग्राम सोना, 7 किलो 450 ग्राम चांदी मिले। इसके अलावा ऑफिस में मिले सोने चांदी का तौल करने पर 45 ग्राम 724 मिलीग्राम सोना और 33 किलो 250 ग्राम 200 मिलीग्राम सोना प्राप्त हुआ।
इसलिए कहते है सेठों के सेठ सांवरा सेठ
सांवरा सेठ को यूंही सेठों के सेठ नहीं कहते। लोगों की बढ़ती आस्था इसी बात का प्रमाण है कि इस बार भक्तों ने जमकर चढ़ावा चढ़ाया है। पहली बार सिर्फ डेढ़ महीने में 10 करोड़ 49 लाख 31 हजार 390 रुपए तक चढ़ावा राशि मिली है, जो कि रिकॉर्ड है।