भोपे का इलाज, बच्चे की आंख 3 इंच बाहर निकली:4 महीने तंत्र-मंत्र करता रहा; हॉस्पिटल गए तो कैंसर निकला, ऑपरेशन से निकालनी पड़ेगी आंख




 तांत्रिक के इलाज से 7 साल के बच्चे की जान पर बन आई। वह दावा करता रहा कि सब सही कर देगा और बच्चे की आंख करीब 3 इंच बाहर निकल आई। बच्चे की तबीयत बिगड़ने पर हॉस्पिटल ले गए तो पता चला आंख का कैंसर है। अब बच्चा उदयपुर के एमबी हॉस्पिटल में भर्ती है और उसका ऑपरेशन होना है। डॉक्टरों के मुताबिक बच्चे की आंख निकालनी पड़ेगी।​


मामला राजसमंद के खमनोर का है। प्रकाश गाडोलिया के बेटे सुरेश(7) को दो साल पहले आंख में फुंसी हुई थी। परिवार वाले मेडिकल स्टोर से दवा लाकर देते रहे। दो साल तक ऐसा ही चलता रहा। दर्द बढ़ा तो 6 महीने पहले पास के ही गांव गोड़िन में एक भोपे के पास ले गए। पिता प्रकाश ने बताया कि भोपा उसका मिलने वाला ही था। उसने बताया कि वह उसे ठीक कर देगा। करीब 4 महीने तक उसे अपने पास रखा और तंत्र-मंत्र से इलाज करता रहा। बच्चे की तकलीफ कम होने की बजाय और बढ़ गई। 2 महीने पहले उसे घर ले आए। इस बीच उसकी आंख 3 इंच तक बाहर निकल गई।

फिर माता-पिता डर के मारे बच्चे को घर में छिपाए रखा। गांववालों को जब यह बात पता चली तो उन्होंने भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष कोमल सोनी और बाल कल्याण समिति के कोमल पालीवाल को इसकी जानकारी दी। कोमल सोनी दर्द से तड़प रहे बच्चे को अस्पताल भिजवाया। अभी उसे आइसोलेशन वार्ड में निगरानी में रखा गया है। सोमवार को सुरेश की बायीं आंख का ऑपरेशन होगा।


पिता बोला- हॉस्पिटल जाने का कहा तो, भोपा बोला-सब सही कर दूंगा
प्रकाश ने बताया कि उसके परिवार के लोग भोपे के पास जाया करते थे। बेटी की तबियत बिगड़ी तो वह बोला- कहीं जाने की जरूरत नहीं। मैं सब सही कर दूंगा। अब पिता को अपनी गलती पर पछतावा हो रहा है।


बच्चे की हालत देख डॉक्टर भी हैरान

सुरेश की हालत देख डॉक्टर भी हैरान हो गए। ​आरएनटी मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. लाखन पोसवाल ने बताया कि बच्चे की आंख में कैंसर है। इलाज के लिए डॉक्टरों की टीम बनाई गई। आंख में इंफेक्शन ज्यादा होने के कारण बच्चे को अलग से वार्ड में रखा गया। वहीं, जिला बाल कल्याण समिति अध्यक्ष कोमल पालीवाल भी बच्चे से मिलने अस्पताल पहुंचे।

और नया पुराने