शोभायात्रा के साथ होगा थार महोत्सव आगाज, रात को होगा विराट कवि
सम्मेलन, मशहूर कवि शैलेंश लोढ़ा आएंगे
नाइट में मशहूर कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव आएंगे और अपनी प्रस्तुति देंगे
बाड़मेर में थार महोत्सव की धूम सोमवार से शुरू होगी। सुबह गांधी चौक से
शोभायात्रा निकाली जाएगी। आदर्श स्टेडियम में थार सुन्दरी, थार श्री सहित
विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। सोमवार रात 9 बजे कवि
सम्मेलन का आयोजन होगा इसमें मशहूर कवि शैलेश लोढ़ा सहित कई कवि आएंगे।
शोभायात्रा के साथ होगा थार महोत्सव का आगाज
थार महोत्सव का 28 मार्च सोमवार को सुबह 8 बजे से गांधी चौक से लेकर
आदर्श स्टेडियम तक शोभायात्रा के साथ शुरुआत होगी। शोभायात्रा में बैड,
रथ, ऊंट, घोड़े, हाथी, गैर दल, सजी-धजी महिलाएं, गणगौर व कलाकार के दल भी
शामिल होंगे। सुबह 10 बजे आदर्श स्टेडियम में ऊंट श्रृंगार प्रतियोगिता,
रस्साकशी महिला व पुरूष, दादा-पोता दौड़, थारश्री, थार सुंदरी, पणिहारी
मटका दौड़, दंपति दौड़, साफा बांध प्रतियोगिता, ढोल वादन, गैर नृत्य,
राजस्थानी वेशभूषा की प्रतियोगिता होगी। शाम 6 बजे सांस्कृति प्रस्तुति
कार्यक्रम आदर्श स्टेडियम में होगा। रात नौ बजे कवि सम्मेलन में देश के
नामी कवि शैलेश लोढ़ा, सत्यनारायण सतन, शबीना अदीब, जोनी बैरागी, दिनेश
सिंदल, संजय झाला, अशोक चारण, विवेक पारीक शामिल होंगे।
सांस्कृतिक प्रतियोगिता, खेलकूद, हस्तशिल्प मेला
थार महोत्सव के दूसरे दिन 29 मार्च को सुबह नौ बजे बाड़मेर में महावीर
टाउन में चित्रकला, मेहंदी, रंगोली मांडणा प्रतियोगिता प्रगति के पथ पर
राजस्थान थीम पर आयोजित होगी। सुबह 11 बजे दो दिवसीय क्रिकेट प्रतियोगिता
का खेल मैदान कपूरड़ी में शुरुआत होगी। वहीं, सुबह 12 बजे डाक बंगला में
हस्तशिल्प मेले व प्रदर्शनी का आयोजन होगा। 12 बजे जयको राजस्थान रो, शाम
7 बजे सफेद आकड़ा में पाबूजी की फड़ का वाचन और बालोतरा में भगतसिह
स्टेडियम में सेलिब्रिटी नाइट में मशहूर कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव आएंगे
और अपनी प्रस्तुति देंगे।
अंतिम दिन मैराथन दौड़, फैशन परेड
राजस्थान दिवस व महोत्सव के अंतिम दिन 30 मार्च को सुबह साढे छह बजे
मैराथन दौड़ गडरा रोड सर्किल से 5 किमी व 21 किमी दौड़ का आयोजन होगा। सुबह
नौ बजे आदर्श स्टेडियम में खो-खो व कबड्डी, सतोलिया, रुमाल झपटा
प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। सुबह 11 बजे महावीर टाउन हॉल में
युवा सम्मेलन में प्रशासनिक अधिकारियों से संवाद कार्यक्रम होगा। शाम 7
बजे महाबार के धोरों पर मथुरा, बृज, हरियाणा, गुजरात, पंजाब एवं
राजस्थानी कलाकारों द्वारा फैशन परेड (राजस्थानी वेशभूषा पर आधारित) व
रंगारंग आतिशबाजी होंगे।