#pali 2 महिलाओं की सोने की कंठी लूट ले गए बदमाश:विरोध करने पर दूसरी महिला को गिरा कर उसकी भी लूट ली गले में पहनी कंठी




पाली।-  जिले में लुटेरों का पुलिस को चैलेंज जारी है। जैतारण, मारवाड़ जंक्शन के बाद अब सदर थाना क्षेत्र के बल्दों की ढाणी में शुक्रवार सुबह बाइक पर आए दो बदमाशों ने 60 साल की दो वृद्ध महिलाओं को रास्ता पूछने के लिए रोका ओर चंद सैकंड में दोनों के गले में पहनी सोने की कंठी लूटकर फरार हो गए। जिले में लगातार बढ़ रही लूट की घटनाओं को लेकर लोगों में रोष है।

सदर थानाप्रभारी रविन्द्र सिंह खींची ने बताया कि भांवरी गांव निवासी 60 वर्षीय हंसादेवी पत्नी दौलाराम पटेल बल्दों की ढाणी अपने पीहर आई हुई थी। शुक्रवार सुबह वह अपने रिश्तेदार 62 वर्षीय मांगीदेवी पत्नी रूपाराम पटेल के साथ दो किलोमीटर स्थित गाजनगढ़ गांव अपने रिश्तेदार के यहां मिलने पैदल रवाना हुई। रास्ते में दोनों को बाइक पर आए दो युवकों ने रोका। एक युवक ने उन्हें केरला का रास्ता पूछा। इस दौरान दूसरा युवक बाइक से उतरा ओर चंद सैकेंड में दोनों के गले में पहनी सोने की कंठी झपट्‌टा मारकर लूट ली ओर बाइक पर बैठकर फरार हो गए। घटना में दोनों को चोट भी आई। मामले की जानकारी मिलने पर CO ग्रामीण मंगलेश चुण्डावत भी मौके पर पहुंची तथा घटना की जानकारी लेकर लुटेरों की तलाश के लिए निर्देश दिए।

विरोध किया तो नीचे गिराकर लूटी कंठी
बदमाशों ने पहले मांगीदेवी की कंठी लूटी। यह देख हंसादेवी ने विरोध किया तो युवक ने उन्हें नीचे गिरा दिया तथा गले में पहनी कंठी लूट ली। घटना के बाद दोनों वृद्ध महिलाएं घबरा गई। उन्हें चोटे भी लगी।

लूट-चोरी के इरादों से हत्या

3 मार्च 2022 : आनंदपुर कालू थाना क्षेत्र के बलूंदा गांव में घर में अकेली रह रही 75 वर्षीय गवरी देवी पत्नी गोमाराम कुमावत की अज्ञात लोगों ने हत्या कर दी थी। पुलिस अभी तक हत्यारों की तलाश में जुटी हैं।

07 मार्च 2022 : मारवाड़ जंक्शन थाना क्षेत्र के काराड़ी गांव निवासी 57 वर्षीय पानीदेवी पत्नी नारायणलाल नायक की अज्ञात लोगों ने हत्या कर दी। उसके पैर काटकर बदमाश चांदी के गहने लेकर फरार हो गए। पुलिस हत्यारों की तलाश में जुटी हैं।

28 फरवरी 2022 : सोजत रोड थाना क्षेत्र के सिनला गांव में 01 मार्च को 75 वर्षीय अनकीदेवी पत्नी पूनमराम बावरी की धारदार हथियार से गला काट कर हत्या कर दी गई थी।

और नया पुराने