गोगामेड़ी की हत्या करने वाले दोनों शूटर गिरफ्तार चंडीगढ़ में परिचित के यहां छुपे थे, हथियार भी मिले, नेपाल भागने वाले थे



 गोगामेड़ी की हत्या करने वाले दोनों शूटर गिरफ्तार

चंडीगढ़ में परिचित के यहां छुपे थे, हथियार भी मिले, नेपाल भागने वाले थे

जयपुर - श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या करने वाले दोनों शूटर्स को पुलिस ने शनिवार देर रात चंडीगढ़ से पकड़ लिया है। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच को राजस्थान पुलिस के साथ ज्वॉइंट ऑपरेशन में यह कामयाबी मिली। दोनों शूटर्स रोहित राठौड़ और नितिन फौजी को पुलिस जयपुर लेकर आएगी। शूटर्स के पास हथियार भी मिले हैं। दोनों नेपाल भागने की फिराक में थे।



ऐसे भाग निकले थे दोनों 

एडीजी क्राइम दिनेश एमएन ने बताया कि गोगामेड़ी की हत्या करने के बाद दोनों बदमाश रामवीर के साथ बगरू टोल तक पहुंचे थे। जहां से नितिन फौजी और रोहित राठौड़ बस से डीडवाना पहुंचे। डीडवाना से दोनों ने टैक्सी ली और सुजानगढ़ पहुंचे।सुजानगढ़ से दिल्ली की बस में बैठकर रवाना हुए, लेकिन दोनों धारूहेड़ा पर ही बस से उतर गए। पीछे-पीछे पुलिस चल रही थी, पुलिस ने जब बस ड्राइवर को इन दोनों के बारे में पूछा तो बताया कि दोनों धारूहेड़ा उतरे हैं। जिसके बाद पुलिस ने हरियाणा जाने वाली बस-ट्रेनों को सर्च किया। पुलिस को दोनों बदमाश की लोकेशन हिसार रेलवे स्टेशन पर मिली। वहां के सीसीटीवी फुटेज आने पर दोनों की तलाश में टीमें हिसार भेजी गईं, लेकिन ये बदमाश वहां से भी हिमाचल प्रदेश के मंडी के लिए निकल गए। मंडी में इनकी लोकेशन मिलने पर टीमें रवाना हुईं तो ये वहां से नितिन फौजी के गांव के रहने वाले एक व्यक्ति के घर चंडीगढ़ पहुंच गए। दिल्ली पुलिस को शनिवार दोपहर 2 बजे इनके चंडीगढ़ में होने की पुख्ता जानकारी मिली। दिल्ली पुलिस के एडीजी क्राइम रविंद्र सिंह ने राजस्थान पुलिस संपर्क किया। जयपुर पुलिस कमिश्नर बीजू जॉर्ज जोसफ और एडीजी क्राइम ने अपनी टीम के 7 अफसरों और पुलिसकर्मियों को इस ऑपरेशन में भेजा। पुलिस को डर था की दोनों बदमाशों के पास हथियार हो सकते हैं। अगर पुलिस ने दोपहर या शाम को रेड की और दोनों बदमाशों ने फायरिंग शुरू की तो कई लोगों की जान भी जा सकती हैं। इसलिए पुलिस ने आधी रात का इंतजार किया, जिससे किसी को नुकसान न हो और शूटर जब तक कुछ करने का प्लान बनाए उससे पहले पुलिस उन्हें पकड़ ले। पुलिस ने देर रात दबिश देकर दोनों शूटर्स को अरेस्ट कर लिया। नितिन फौजी और रोहित राठौड़ के पास से पुलिस को कुछ हथियार भी मिले हैं। दिल्ली पुलिस दोनों से रोहित गोदारा,लॉरेंस से संबंधित सवाल पूछ रही है। दिल्ली पुलिस पूछताछ के बाद दोनों को राजस्थान पुलिस को सौंपेगी। संभावना है कि दोपहर तक दोनों आरोपी जयपुर पहुंच जाएंगे। हत्यारों की गिरफ्तारी पर 5-5 लाख रुपए का इनाम घोषित किया था।

परिचित को बोला था- कुछ दिन बाद निकल जाएंगे

चंडीगढ़ पहुंचने के बाद आरोपियों ने परिचित को घटना की जानकारी दी थी। उसे आश्वासन दिया था कि जैसे ही पुलिस का पहरा कम होगा, वे यहां से निकल जाएंगे। दोनों शूटरों का देश छोड़कर नेपाल भागने का प्लान था, लेकिन उससे पहले ही वे धरे गए।

रामवीर से पूछताछ में मिले थे अहम सुराग

जानकार सूत्रों की मानें तो महेंद्रगढ़ हरियाणा से गिरफ्तार हुए रामवीर जाट से जब पुलिस ने पूछताछ की तो उसने भी नितिन फौजी के कई ठिकानों के बारे में बताया था। उन पर काम करने से पहले ही दिल्ली पुलिस को जानकारी मिल गई थी।

आज दोनों को किया जाएगा कोर्ट में पेश

दोनों बदमाशों काे आज जयपुर पुलिस कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेगी। दोनों बदमाशों से पुलिस के कुछ सवाल हैं जो अब जयपुर कमिश्नरेट और एसआईटी की टीम उन से पूछताछ करेगी।

  • सवाल-1 दोनों बदमाशों ने किसके कहने पर सुखदेव सिंह गोगामेडी की हत्या की?
  • सवाल-2 दोनों बदमाशों को हथियार और कारतूस किसने मुहैया कराए?
  • सवाल-3 नवीन की हत्या क्यों की गई थी, जबकि वह दोनों को मिलाने के लिए सुखदेव के पास लेकर गया था?
  • सवाल-4 रोहित गोदारा,लॉरेंस किसने हत्या करने के लिए कहा था?
  • सवाल-5 कितने दिनों से जयपुर में रह कर रेकी और फायरिंग की प्लानिंग कर रहे थे?
  • सवाल-6 और कितने लोग हैं, जिनकी हत्या की प्लानिंग चल रही है?
  • सवाल-7 दोनों के पास नौकरी-एजुकेशन होने के बाद हत्याकांड को अंजाम क्यों दिया?
  • सवाल-8 दोनों रोहित और लॉरेंस गैंग से कब और किस के माध्यम से जुड़े?
  • सवाल-9 राजस्थान में दोनों की सबसे अधिक मदद किसने की?
  • सवाल-10 हत्याकांड के बाद दोनों कहां-कहां पर भागे,कितना पैसा मिला?
करणी सेना के अध्यक्ष को घर में घुसकर गोलियां मारी थीं

5 दिसंबर को दोपहर करीब 1:03 बजे 2 बदमाशों ने गोगामेड़ी पर गोलियां चलाईं, फिर भाग निकले थे। गोगामेड़ी को मेट्रो मास हॉस्पिटल ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था। गोगामेड़ी के साथ घटना के दौरान मौजूद गार्ड अजीत सिंह गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए थे। बदमाशों की फायरिंग में नवीन शेखावत की भी मौत हो गई थी। नवीन ही बदमाशों को गोगामेड़ी के घर ले गया था।

हत्या से पहले पी शराब

बदमाश स्कॉर्पियो (आरजे-14 टीई- 7037) से पहुंचे थे। गोगामेड़ी के घर के बाहर खड़ी बदमाशों की स्कॉर्पियो में पुलिस को एक बैग, शराब की बोतल और खाली ग्लास मिले थे। नवीन ने 30 नवंबर को मालवीय नगर में रेंट पर गाड़ी देने वाले इमरान से 5 हजार रुपए किराए पर स्कॉर्पियो ली थी। 5 दिसंबर दोपहर 12:30 बजे तक नवीन यह स्कॉर्पियो लेकर अकेला घूमता नजर आया था। वैशाली नगर स्थित नर्सरी सर्किल के पास महज 2 मिनट के लिए स्कॉर्पियो बंद हुई थी। इसके बाद दोबारा वहां से रवाना होकर सुखदेव सिंह गोगामेड़ी के घर के बाहर रुकी थी।

गैंगस्टर रोहित गोदारा ने ली थी हत्या की जिम्मेदारी

घटना के बाद गैंगस्टर रोहित गोदारा के नाम से बने फेसबुक पेज पर हत्या की जिम्मेदारी ली गई थी। पोस्ट में लिखा- राम राम, सभी भाइयों को मैं रोहित गोदारा कपूरीसर, गोल्डी बरार। भाइयों आज यह जो सुखदेव गोगामेड़ी की हत्या हुई है। इसकी संपूर्ण जिम्मेदारी हम लेते हैं। यह हत्या हमने करवाई है। भाइयों मैं अपको बताना चाहता हूं कि ये हमारे दुश्मनों से मिलकर उनका सहयोग करता था। उनको मजबूत करने का काम करता था। रही बात दुश्मनों की तो वह अपने घर की चौखट पर अपनी अर्थी तैयार रखें। जल्दी उनसे भी मुलाकात होगी।

गोगामेड़ी कौन थे

सुखदेव सिंह गोगामेड़ी राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष थे। इससे पहले लंबे समय तक राष्ट्रीय करणी सेना से जुड़े रहे थे। विवाद के बाद राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के नाम से अलग संगठन बना लिया था।

करणी सेना से अलग होकर बना था संगठन

साल 2006 में सबसे पहले करणी सेना बनी थी। बाद में लोकेंद्र सिंह कालवी ने अलग संगठन राजपूत करणी सेना बनाया था। साल 2012 में सुखदेव सिंह गोगामेड़ी को श्री राजपूत करणी सेना का प्रदेशाध्यक्ष बनाया गया था, लेकिन बाद में कालवी और गोगामेड़ी में विवाद हो गया था। सुखदेव सिंह गोगामेड़ी ने 2017 में राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के नाम से अलग संगठन बना लिया था। श्री राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष महिपाल सिंह मकराना है। वहीं सुखदेव सिंह राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना नाम का संगठन संभाल रहे थे।

रोहित गोदारा कौन है

गोगामेड़ी की हत्या की जिम्मेदारी लेने वाला गैंगस्टर रोहित गोदारा गैंगस्टर लॉरेंस विश्नोई की गैंग का गुर्गा है। इस पर पुलिस ने एक लाख रुपए का इनाम घोषित कर रखा है। गोदारा 2022 में फर्जी नाम से पासपोर्ट बनवाकर देश से बाहर भाग गया था। गोदारा विदेश जाने से पहले बीकानेर के लूणकरणसर में कपूरियासर में रहता था। चूरू के सरदारशहर में 2019 में भींवराज सारण की हत्या के मामले में भी मुख्य आरोपी था। गैंगस्टर राजू ठेहट के मर्डर की भी गोदारा ने जिम्मेदारी ली थी।

और नया पुराने