तखतगढ़ बनेगा भक्ति और आध्यात्म का केंद्र – पहुंचेगी देश की पहली रथ एवं साइकिल यात्रा

तखतगढ़ बनेगा भक्ति और आध्यात्म का केंद्र – पहुंचेगी देश की पहली रथ एवं साइकिल यात्रा

रिपोर्ट – सोहनसिंह रावणा, तखतगढ़

तखतगढ़। संत नामदेव महाराज की भक्ति, समर्पण और एकता का संदेश लेकर देश की पहली रथ एवं साइकिल यात्रा अब तखतगढ़ की ओर अग्रसर है। यह यात्रा महाराष्ट्र के पवित्र तीर्थ श्रीक्षेत्र पंढरपुर से प्रारंभ होकर पंजाब के श्रीक्षेत्र घुमन तक लगभग 2,500 किलोमीटर की दूरी तय कर रही है। इस ऐतिहासिक यात्रा का शुभारंभ 2 नवम्बर, 2025 को राज्य के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने पंढरपुर से ध्वज फहराकर किया था।

चार वर्ष के प्रयासों से साकार हुई आध्यात्मिक पहल

भक्ति और आध्यात्मिक चेतना को समाज में प्रसारित करने की दिशा में यह यात्रा पिछले चार वर्षों से सक्रिय सरकारी पत्रकारों की एक अनूठी पहल है। इस यात्रा का उद्देश्य संत नामदेव महाराज के उपदेशों — भक्ति, समानता और एकता — को जन-जन तक पहुँचाना है। यात्रा मार्ग में विभिन्न राज्यों के धार्मिक स्थलों पर संत समाज द्वारा सत्संग, भजन और संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

100 साइकिल सवार और 25 भजन मंडल कर रहे सहभागिता

इस यात्रा में 100 साइकिल सवार और 25 वारकरी भजन मंडल के सदस्य शामिल हैं, जो संत नामदेव महाराज की चरण पादुकाओं के साथ श्रद्धा और जोश से यात्रा कर रहे हैं। ये सभी यात्राकर्मी समाज में भक्ति, सद्भाव और सकारात्मकता का संदेश फैला रहे हैं।

13 नवम्बर को पहुँचेगी तखतगढ़


यात्रा 13 नवम्बर, 2025 को प्रातः पिंडवाड़ा (सिरोही) से प्रस्थान कर शाम 5:30 बजे तखतगढ़ पहुँचेगी। इस अवसर पर नगर में संत नामदेव महाराज की चरण पादुकाओं की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी।

शोभायात्रा का रूट और स्वागत कार्यक्रम

श्री नामदेव छीपा युवा संस्थान के अध्यक्ष खिमचंद सुखराज छीपा एवं सचिव रमेश परिहार (बांडीगली) ने बताया कि शोभायात्रा स्वामी विवेकानंद बस स्टेशन से प्रारंभ होकर मुख्य बाजार मार्ग, ठाकुरजी मंदिर, कुंदेश्वर महादेव मंदिर से होती हुई सुमेरपुर रोड स्थित रांकावत वाटिका तक जाएगी।
शोभायात्रा के दौरान छीपा समाज, व्यापारी मित्र मंडल और ठाकुरजी मंदिर समिति द्वारा श्रद्धालुओं का स्वागत एवं पुष्पवर्षा की जाएगी।

“एक शाम संत शिरोमणि नामदेव महाराज के नाम”

रात्रि में “एक शाम संत शिरोमणि नामदेव महाराज के नाम” शीर्षक से भव्य भजन संध्या का आयोजन होगा। इसमें समाज के सुप्रसिद्ध भजन गायक अपने मधुर भजनों के माध्यम से वातावरण को भक्ति और आध्यात्म की भावना से सराबोर करेंगे।

तखतगढ़ में उमड़ा श्रद्धा का सागर

संत नामदेव महाराज की यात्रा के आगमन को लेकर तखतगढ़ में उत्साह और भक्ति का माहौल है। नगर के प्रमुख मार्गों पर सजावट की तैयारियाँ जोरों पर हैं। श्रद्धालु और नगरवासी इस ऐतिहासिक क्षण का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

और नया पुराने

Column Right

Facebook