महाराणा प्रताप चौक पर गौ माता के नाम भव्य भक्ति संध्या, संत समागम और भजनों से गूंजा तखतगढ़ नगर
रिपोर्ट: सोहन सिंह रावणा | तखतगढ़ | 15 जनवरी
तखतगढ़ नगर के महाराणा प्रताप चौक में 15 जनवरी को “एक शाम गौ माता के नाम” विशाल एवं भव्य भक्ति संध्या कार्यक्रम का आयोजन श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ किया गया। इस पावन अवसर पर नगर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में गौ भक्तों ने भाग लेकर कार्यक्रम को ऐतिहासिक बना दिया।
कार्यक्रम में सिरोही, रानी फालना, खिमेल सहित विभिन्न क्षेत्रों से गौ भक्तों का आगमन हुआ। विशेष रूप से कंवला मठ के मठाधीश हरिपुरी महाराज, महामंडलेश्वर संतोष भारती, रूपपुरी महाराज, वोवेश्वर महादेव, रामगिरि महाराज (आश्रम जावाल), भीमगिरी महाराज (मठ जाणा), उमाशंकर भारती गंगावेरी, निर्भय दास कबीर सहित अनेक संत-महापुरुषों का पावन सान्निध्य कार्यक्रम को प्राप्त हुआ। संतों के आगमन से पूरा वातावरण धर्ममय और भक्तिरस से ओतप्रोत हो गया।
नगर के गणमान्य नागरिकों, समाजसेवियों, व्यापारियों एवं युवाओं की भी बड़ी उपस्थिति रही। सभी संतों का आयोजकों की ओर से माल्यार्पण कर सम्मान किया गया, वहीं उपस्थित गौ भक्तों का दुपट्टा व माला पहनाकर स्वागत किया गया।
भजनों पर झूम उठा नगर
भक्ति संध्या में प्रसिद्ध भजन कलाकार मनीष परिहार, संत कन्हैयालाल, प्रवीण माली, किशोर पालीवाल, शीतल वैष्णव (आबूरोड) सहित अन्य कलाकारों ने गुरु महिमा और गौ माता की भक्ति से परिपूर्ण एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति दी। मधुर स्वर लहरियों और भक्ति रस से सराबोर भजनों ने उपस्थित श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। कई बार पूरा पंडाल “गौ माता की जय” और “हर हर महादेव” के जयघोष से गूंज उठा।
भजन कार्यक्रम के दौरान जो भी धनराशि हारमोनियम व भेंट स्वरूप प्राप्त हुई, उसे भजन कलाकारों की टीम ने पूर्ण रूप से गौ सेवा हेतु समर्पित कर उदाहरण प्रस्तुत किया।
गौ सेवा हेतु भामाशाहों का योगदान
कार्यक्रम में अनेक भामाशाहों ने बढ़-चढ़कर गौ माता की सेवा के लिए सहयोग प्रदान किया। जशोदा साउंड द्वारा संपूर्ण साउंड व्यवस्था नि:शुल्क उपलब्ध कराई गई, वहीं खेतलाजी लाइट टेंट डेकोरेशन की ओर से मंच एवं आकर्षक प्रकाश व्यवस्था की गई। किसी भामाशाह ने पुष्प वर्षा की व्यवस्था कर वातावरण को और भी भक्तिमय बना दिया।
नया खेड़ा निवासी ई-रिक्शा भामाशाह मोतीराम जी प्रजापत ने अपनी ओर से एक नया ई-रिक्शा गौ सेवा समिति को भेंट किया। इसके अतिरिक्त गौ सेवकों के सहयोग से एक और ई-रिक्शा उपलब्ध कराया गया। अब ये दोनों ई-रिक्शा नगर के प्रत्येक वार्ड में नियमित रूप से भ्रमण करेंगे, जिनमें नगरवासी गायों के लिए रोटी, चारा एवं गुड़ डाल सकेंगे।
इन दोनों ई-रिक्शाओं का विधिवत मुहूर्त साधु-संतों एवं महात्माओं द्वारा कराया गया, जिससे पूरे नगर में हर्ष और उत्साह का वातावरण बन गया।
गौ सेवा समिति की सक्रिय भूमिका
कार्यक्रम के सफल आयोजन में गौ माता सेवा समिति के डैनी राठौर, रमेश कुमार प्रजापत, मंसाराम प्रजापत, जगदीश सहित अन्य सदस्यों एवं बड़ी संख्या में गौ भक्तों का विशेष योगदान रहा। समिति द्वारा संतों की अगवानी, मंच संचालन, व्यवस्था एवं अतिथियों के स्वागत की जिम्मेदारी पूरी निष्ठा से निभाई गई।
श्रद्धा और एकता का अनुपम उदाहरण
यह आयोजन न केवल धार्मिक दृष्टि से बल्कि सामाजिक एकता और गौ संरक्षण के प्रति जागरूकता का भी उत्कृष्ट उदाहरण बना। कार्यक्रम के अंत में संत-महापुरुषों ने गौ सेवा को मानव जीवन का पुण्य कार्य बताते हुए नगरवासियों को निरंतर सेवा और संरक्षण का संदेश दिया।
नगरवासियों ने भी एक स्वर में भविष्य में ऐसे आयोजनों को और अधिक व्यापक स्तर पर आयोजित करने की इच्छा व्यक्त की। कुल मिलाकर तखतगढ़ में आयोजित यह भक्ति संध्या कार्यक्रम श्रद्धा, भक्ति, सेवा और सामाजिक सहयोग का अनुपम संगम साबित हुआ, जिसकी नगर में लंबे समय तक चर्चा बनी रहेगी।