जोधपुर–साबरमती ट्रेन में 48 बोतल अंग्रेजी शराब जब्त, टॉयलेट के वायर बॉक्स में छिपाकर ले जाई जा रही थी गुजरात

जोधपुर–साबरमती ट्रेन में 48 बोतल अंग्रेजी शराब जब्त, टॉयलेट के वायर बॉक्स में छिपाकर ले जाई जा रही थी गुजरात

जालोर। जोधपुर–भीलड़ी रेल मार्ग पर ट्रेनों के जरिए गुजरात में शराब तस्करी के मामलों में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है। इसी कड़ी में 25 फरवरी को जोधपुर–साबरमती सुपरफास्ट एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 20485) में टिकट जांच के दौरान टॉयलेट में छिपाकर रखी गई अंग्रेजी शराब की 48 बोतलें बरामद की गईं। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 33 हजार रुपए बताई गई है।

रानीवाड़ा–धानेरा के बीच हुई कार्रवाई
जोधपुर रेलवे मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव ने बताया कि ट्रेन में नियमित टिकट जांच के दौरान टीटीआई राजेन्द्र कुमार मीणा रानीवाड़ा और धानेरा स्टेशन के बीच कोच संख्या एस-6 में पहुंचे। इस दौरान टॉयलेट के आसपास संदिग्ध स्थिति दिखाई देने पर उन्होंने गहन जांच की।

तलाशी के दौरान टॉयलेट के ऊपर बने वायरिंग बॉक्स की प्लाई खोलकर देखने पर अंदर सावधानीपूर्वक छिपाकर रखी गई 48 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद हुई। शराब को इस तरह से पैक कर छिपाया गया था कि सामान्य जांच में उसका पता लगाना मुश्किल था। इससे स्पष्ट होता है कि तस्करों ने पहले से योजना बनाकर शराब छिपाने का यह नया तरीका अपनाया था।

यात्रियों से पूछताछ, कोई सामने नहीं आया


शराब मिलने के बाद संबंधित कोच में यात्रा कर रहे यात्रियों से पूछताछ की गई, लेकिन किसी भी यात्री ने शराब से अपना संबंध नहीं बताया। इसके बाद टीटीआई ने तत्काल वाणिज्यिक नियंत्रण कार्यालय जोधपुर को सूचना दी और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) को मौके पर बुलाया गया।

ट्रेन के भीलड़ी स्टेशन पहुंचने पर आरपीएफ और जीआरपी के जवान मौके पर पहुंचे और शराब को जब्त कर आगे की कार्रवाई के लिए भीलड़ी जीआरपी थाने को सुपुर्द कर दिया। जीआरपी ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच हेड कांस्टेबल भावेश को सौंपी है।

त्योहारों को देखते हुए बढ़ाई गई निगरानी
मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के निर्देशानुसार त्योहारों के मद्देनजर ट्रेनों में विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि इसी अभियान के तहत सतर्कता बरतते हुए यह कार्रवाई संभव हो सकी।

गुजरात सीमा से सटे क्षेत्र में बढ़ी तस्करी
जालोर जिला गुजरात सीमा से सटा हुआ है, जिसके कारण रेल मार्ग से शराब तस्करी के मामले अक्सर सामने आते रहते हैं। रानीवाड़ा स्टेशन से गुजरात के पहले स्टेशन तक की दूरी करीब 30 मिनट की है, जिसका फायदा उठाकर तस्कर शराब को ट्रेन में चढ़ाकर गुजरात के छोटे स्टेशनों पर उतार देते हैं।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार 23 फरवरी को भी जैसलमेर–साबरमती ट्रेन में रानीवाड़ा स्टेशन के आगे एक बैग से करीब 100 क्वार्टर शराब बरामद की गई थी। इस बार तस्करों ने शराब छिपाने के लिए टॉयलेट के वायर बॉक्स का सहारा लिया, लेकिन रेलवे की सतर्कता के चलते उनकी कोशिश नाकाम हो गई।

और नया पुराने

Column Right

Facebook