पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को तखतगढ़ धाम गुरुकुलम् के उद्घाटन का निमंत्रण

पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को तखतगढ़ धाम गुरुकुलम् के उद्घाटन का निमंत्रण

जनजाति समाज में सिलिकोसिस रोग पर जताई चिंता, गुरुकुलम् के उद्देश्यों की सराहना

रिपोर्ट – सोहन सिंह रावणा, तखतगढ़

तखतगढ़। राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री एवं गौसेवी अशोक गहलोत को जयपुर स्थित उनके निवास पर तखतगढ़ धाम में नवनिर्मित “जनजाति गुरुकुलम्” के उद्घाटन समारोह में पधारने हेतु सादर आमंत्रित किया गया। प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें गुरुकुलम् के उद्देश्य, कार्यप्रणाली तथा समाजोपयोगी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।

भेंट के दौरान प्रतिनिधियों ने गौसेवा, संत समाज और जनहित के कार्यों के प्रति अशोक गहलोत के समर्पित भावों की सराहना की। उन्होंने भी तखतगढ़ धाम में निर्मित इस अद्वितीय गुरुकुलम् की संकल्पना को सामाजिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए इसे जनजाति समाज के उत्थान की दिशा में एक सकारात्मक पहल बताया।

प्रतिनिधिमंडल ने गुरुकुलम् के माध्यम से जनजाति समाज के बच्चों को संस्कारयुक्त शिक्षा, वैदिक अध्ययन, आधुनिक शिक्षा और नैतिक मूल्यों के समन्वय से सशक्त बनाने के उद्देश्य से अवगत कराया। इस पर श्री गहलोत ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उद्घाटन समारोह में पधारने की स्वीकृति प्रदान की।

वार्ता के दौरान जनजाति समाज में बढ़ती सिलिकोसिस बीमारी का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। इस गंभीर एवं घातक रोग से प्रभावित परिवारों की दयनीय स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए अशोक गहलोत ने कहा कि इस समस्या के समाधान के लिए व्यापक स्तर पर प्रयास किए जाने की आवश्यकता है। उन्होंने प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए सरकार और समाज के समन्वित प्रयासों पर बल दिया।

तखतगढ़ धाम में निर्मित “जनजाति गुरुकुलम्” को सामाजिक, शैक्षणिक और सांस्कृतिक चेतना का केंद्र बनाने के उद्देश्य से संचालित किया जा रहा है। आयोजकों ने बताया कि यह गुरुकुलम् जनजाति समाज के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ संस्कार एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रेरित करेगा।

अंत में समस्त मारवाड़ वासियों की ओर से पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के प्रति आभार व्यक्त किया गया और उनके मार्गदर्शन को समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया गया।

और नया पुराने

Column Right

Facebook